नगर पंचायत भिंभौरी क्षेत्र को देंगे नवीन महाविद्यालय और किसान सामुदायिक भवन की सौगात
नगर पंचायत भिंभौरी में 10 जुलाई, शुक्रवार को दो महत्वपूर्ण विकास कार्यों का भूमिपूजन समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग द्वारा शासकीय नवीन महाविद्यालय, भिंभौरी के भवन निर्माण कार्य (वर्ष 2025-26) का भूमिपूजन किया जाएगा, जिसकी स्वीकृत लागत 465.84 लाख रुपये है। इसके साथ ही कृषि उपज मंडी बोर्ड द्वारा विकासखण्ड बेरला के नगर पंचायत भिंभौरी में 14.28 लाख रुपये की लागत से किसान सामुदायिक भवन निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया जाएगा।
समारोह के मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के उप मुख्यमंत्री एवं प्रभारी मंत्री जिला बेमेतरा श्री अरुण साव होंगे। कार्यक्रम में मंत्री श्री रामविचार नेताम, मंत्री श्री दयालदास बघेल तथा दुर्ग लोकसभा क्षेत्र के सांसद श्री विजय बघेल अति विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इसके अतिरिक्त विधायक श्री दीपेश साहू, विधायक श्री ईश्वर साहू, रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती कल्पना योगेश तिवारी, जनपद पंचायत बेरला की अध्यक्ष श्रीमती माधुरी रवि परगनिहा, तेलघानी विकास बोर्ड के अध्यक्ष श्री जितेन्द्र साहू, नगर पंचायत भिंभौरी के अध्यक्ष श्री संदीप परगनिहा एवं जिलाध्यक्ष श्री अजय साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित होंगे, आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से समारोह में उपस्थित होकर विकास कार्यों के शुभारंभ के साक्षी बनने का आग्रह किया है।