जबलपुर क्रूज हादसे में मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 9 पहुंचा, 18 लोगों को बचाया गया; राहत-बचाव अभियान जारी…

मध्यप्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार की शाम एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, MP टूरिज्म का पर्यटकों से भरा क्रूज तेज आंधी और तूफान के बीच डूब गया। वहीं, शुक्रवार सुबह तक हादसे में मरने वालों की संख्या 9 तक पहुंच गई।

18 लोगों को सुरक्षित बचाया गया

इसके साथ ही 18 लोगों को सुरक्षित बचाया गया है। जबकि कई लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। पुलिस और प्रशासन की माने तो क्रूज में करीब 40 से 45 पर्यटक सवार थे। हादसा डैम किनारे से लगभग 300 मीटर अंदर हुआ। तेज हवाओं और बारिश के कारण क्रूज अनियंत्रित होकर डूब गया।

सेना की टीम भी रेस्क्यू में हुई शामिल

इसके अलावा बरगी सिटी एसपी अंजुल मिश्रा ने बताया कि शुरुआती रेस्क्यू में SDRF ने कई लोगों को बचाया, लेकिन अंधेरा और खराब मौसम से राहत कार्य प्रभावित हुआ। इसके बाद शुक्रवार की सुबह फिर से रेस्क्यू शुरू किया गया।

फिलहाल, भारतीय सेना की टीम भी रेस्क्यू में शामिल हो गई है। हैदराबाद से स्पेशल टीम और एक हेलीकॉप्टर भी रवाना किया गया है, जबकि कोलकाता से पैरामिलिट्री टीम जबलपुर पहुंच चुकी है। इसके अलावा हाइड्रोलिक मशीन की मदद से बाकी फंसे लोगों को निकालने की कोशिश की जा रही है।

चंद मिनटों में बदल गया नजारा

घटना स्थल पर मौजूद लोगों की माने तो क्रूज करीब 20 फीट गहरे पानी में फंस गया है। जेसीबी और नाव की मदद से उसे लगभग 30 मीटर तक खींचा गया, लेकिन उसके बाद आगे नहीं बढ़ सका। वहीं, अब पोकलेन मशीन और भारी उपकरणों से उसे निकालने की कोशिश की जा रही है।

इसके अलावा क्रूज पायलट महेश ने बताया कि वह 10 साल से इस काम में है और सभी सुरक्षा उपकरण मौजूद थे, लेकिन तूफान इतनी तेजी से आया कि यात्रियों को लाइफ जैकेट पहनने का मौका नहीं मिला।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *