बंगाल सरकार ने बुधवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि साल्बोनी जमीन हड़पने के मामले में टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी के पर्सनल सेक्रेटरी सुमित राय से कस्टडी में पूछताछ जरूरी है, क्योंकि उन्होंने बैंक में भारी मात्रा में कैश जमा किया था।
राज्य की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने चीफ जस्टिस सूर्य कांत और जस्टिस जायमाल्य बागची और वी. मोहना की बेंच को बताया कि राय जांच के दौरान टालमटोल करते रहे। मेहता ने बेंच से कहा, “मैंने ट्रांसक्रिप्ट रिकॉर्ड पर रखे हैं। मामले की विस्तृत जांच हुई है और वे टालमटोल करते रहे हैं।”
सुप्रीम कोर्ट, राय की उस याचिका पर सुनवाई कर रहा है जिसमें उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट के तीन अगस्त के उस आदेश को चुनौती दी है, जिसमें उन्हें साल्बोनी मामले में गिरफ्तारी से पहले जमानत देने से इनकार कर दिया गया था।
31 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने जांच एजेंसी को निर्देश दिया था कि वे याचिकाकर्ता के सामने बैंक ट्रांजैक्शन से जुड़े संबंधित रिकार्ड पेश करें। कोर्ट ने राय को गिरफ्तारी से मिली अंतरिम सुरक्षा बढ़ा दी थी।
बुधवार को राय की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायणन ने कहा कि न्यूज रिपोर्ट के अनुसार, मामले में चार्जशीट दाखिल कर दी गई है।
वहीं, मेहता ने कहा कि चार्जशीट एक अन्य आरोपित के खिलाफ दाखिल की गई है, जिसमें स्पष्ट शर्त है कि राय के खिलाफ जांच जारी है। बेंच ने मामले की सुनवाई गुरुवार के लिए तय कर दी है।