कतर के अमीर और पीएम मोदी के बीच बातचीत, रास लाफान हादसे के पीड़ितों के लिए जताई संवेदना…

कतर के रास लाफान में स्थित सबसे बड़े एलएनजी प्लांट में रविवार को हुए धमाके में 12 भारतीयों की मौत के बाद कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को फोन किया और भारतीय नागरिकों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने इस संवेदनशीलता और समर्थन के लिए कतर के अमीर का आभार जताया।

पीएम मोदी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा- “मैं कतर के अमीर की फोन काल और रास लाफान औद्योगिक शहर में भारतीय नागरिकों की जान के नुकसान पर उनकी संवेदना के लिए धन्यवाद करता हूं।”

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह और कतर के अमीर उन परिवारों के दुःख में साझीदार हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए प्रार्थना करते हैं।

पीएम मोदी ने कहा- “भारत और कतर अपने नागरिकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और एक-दूसरे के साथ एकजुटता से खड़े हैं।”

प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर से जारी एक बयान के अनुसार, मोदी और कतर के अमीर ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी चर्चा की।

पीएम मोदी ने कतर के शांति प्रयासों में सकारात्मक योगदान के लिए सराहना व्यक्त की और आशा जताई कि ये प्रयास क्षेत्र में स्थायी शांति और स्थिरता की ओर ले जाएंगे। दोनों नेताओं ने सभी क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को बढ़ाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी दोहराया।

एएनआई के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने भी कतर में हुए हादसे में 12 भारतीयों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। मंत्रालय ने बताया कि भारतीयों की पहचान करने और उनके शवों को स्वदेश लाने के लिए वहां के अधिकारियों के साथ बातचीत की जा रही है।

विदेश मंत्रालय ने देश की ऊर्जा संप्रभुता का बचाव किया और कहा कि अपने 1.4 अरब नागरिकों के लिए ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की भारत की कोशिशें पूरी तरह राष्ट्रीय हित से प्रेरित हैं। मंत्रालय ने फलस्तीन को लेकर भारत की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *