जनदर्शन में कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक जनदर्शन में कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों की समस्याएं एवं मांगें गंभीरता से सुनीं।
जनदर्शन में राजस्व, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, बिजली, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आवास सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषयों पर कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर श्री लंगेह ने प्रत्येक आवेदन का अवलोकन कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनदर्शन में प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण कर आम नागरिकों को राहत पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनदर्शन में पिथौरा विकासखंड के ग्राम बिजेमाल की निवासी श्रीमती लता साहू अपने पति के निधन के बाद भूमि की फौती अपने नाम दर्ज कराने संबंधी आवेदन लेकर जनदर्शन में पहुंचीं। जिस पर कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह ने संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई कर समस्या के निराकरण के निर्देश दिए। त्वरित कार्रवाई से संतुष्ट श्रीमती लता साहू ने कलेक्टर एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। इसी तरह शासकीय उच्चतर प्राथमिक शाला बुटीपाली के उच्च वर्ग शिक्षक श्री तेन सिंह जगत द्वारा नजदीकी स्कूल में स्थानांतरण हेतु आवेदन दिया। श्री तेन सिंह जगत नवम्बर 2025 से लकवाग्रस्त है, इस कारण वर्तमान पदस्थापना वाले स्कूल में जाने में असमर्थ है।
जिस पर कलेक्टर श्री लंगेह ने जिला शिक्षा अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। इसी तरह ग्राम शंकरपुर सांकरा निवासी इतवारी लाल रात्रे ने फौती दूरूस्ती के लिए, ग्राम पलसापाली सरायपाली के लंबोदर चौधरी ने चिटफंड कंपनी से अपना जमाधान और ब्याज राशि दिलाने, वार्ड क्रमांक 3 बागबाहरा के आतिफ कुरैशी ने शासकीय भूमि के अवैध प्लााटिंग और आम रास्ते में दीवार खड़ी करने की शिकायत और हटवाने, ग्राम जोगीडीपा के श्री सुखराम जटवार ने अपने निजी भूमि से अवैध कब्जा हटाने हेतु आवेदन किया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे आमजन की समस्याओं का संवेदनशीलता, जवाबदेही और प्राथमिकता के साथ निराकरण करें। जनदर्शन में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर श्री सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।