‘होर्मुज जलडमरूमध्य जल्द खोले ईरान’, अराघची से चीन की अपील; अब तेहरान के सामने क्या विकल्प?…

चीन ने बुधवार को ईरान से आग्रह किया कि वह जितनी जल्दी हो सके होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोल दे। साथ ही ईरान की उस प्रतिबद्धता की सराहना की कि वह परमाणु हथियार विकसित नहीं करेगा, लेकिन परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण इस्तेमाल की उसके अधिकार की पैरवी की। युद्ध समाप्त करने के लिए ट्रंप की प्रमुख मांग है कि ईरान परमाणु हथियार विकसित न करे।

प्रेट्र के अनुसार, चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने बीजिंग में ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची के साथ बातचीत के दौरान कहा, ”इस स्ट्रेट के जरिये सामान्य एवं सुरक्षित आवागमन बहाल करने के लिए अंतरराष्ट्रीय समुदाय की साझा चिंता है और चीन को उम्मीद है कि संबंधित पक्ष अंतरराष्ट्रीय समुदाय की इस अपील पर जल्द से जल्द प्रतिक्रिया देंगे।”

चीन ने पूर्ण युद्धविराम पर दिया जोर

वांग यी ने जोर देकर कहा कि पश्चिम एशिया में पूर्ण युद्धविराम किया जाना चाहिए और उन्होंने दोनों पक्षों के बीच आमने-सामने की वार्ता पर जोर दिया। रूबियो ने एक दिन पहले चीन से कहा था कि वह ईरान को होर्मुज खोलने के लिए कहे।

अराघची ने क्या कहा?

वहीं, अराघची ने कहा कि ईरान, क्षेत्रीय शांति और स्थिरता को बनाए रखने व बढ़ावा देने के संबंध में चीन की ओर से प्रस्तुत चार-सूत्रीय प्रस्ताव की सराहना करता है। ईरान को चीन पर पूरा भरोसा है और वह उम्मीद करता है कि चीन शांति को बढ़ावा देने व युद्ध रोकने में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाना जारी रखेगा।

साथ ही, वह युद्धोपरांत एक ऐसी नई क्षेत्रीय व्यवस्था की स्थापना का समर्थन करता है जो विकास व सुरक्षा के बीच समन्वय स्थापित कर सके।

अमेरिका ने ईरानी तेल टैंकर पर की फायरिंग

एपी के अनुसार, अमेरिकी सेना ने बुधवार को कहा कि उसने एक ईरानी तेल टैंकर पर फायरिंग की है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने एक पोस्ट में कहा कि एक अमेरिकी फाइटर जेट ने ओमान की खाड़ी में टैंकर का रडर तोड़ दिया, जब वह ईरानी बंदरगाह की अमेरिकी नाकाबंदी तोड़ने की कोशिश कर रहा था।

ईरान ने यूएई के दावों को किया खारिज

यूएई की ओर से ड्रोन और मिसाइल हमलों का आरोप लगाए जाने के बाद ईरान ने बुधवार को एक कड़े बयान में इन दावों को खारिज कर दिया। साथ ही यूएई से आग्रह किया कि वह अमेरिकी और इजरायली दुश्मनों के साथ मिलीभगत न करे। ईरान के विदेश मंत्रालय का यह बयान भारत स्थित ईरानी दूतावास ने एक्स पर एक पोस्ट के जरिये साझा किया।

मैक्रों ने पेजेश्कियन से की होर्मुज पर चर्चा

फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने बताया कि उन्होंने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन के साथ बातचीत की और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की मुक्त आवाजाही के महत्व को दोहराया। उन्होंने पेजेश्कियन को फ्रांस और ब्रिटेन की उन योजनाओं पर विचार करने के लिए कहा, जिनके तहत होर्मुज से सुरक्षित आवागमन के लिए आधार तैयार करने हेतु एक अंतर्राष्ट्रीय मिशन स्थापित किया जाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *