राजमहल थाना क्षेत्र के जयरामडांगा गांव के यादव टोला में बुधवार को भूमि विवाद में जमकर मारपीट हुई। इस क्रम में कुदाल व लाठी के प्रहार से 70 वर्षीय रुदल यादव की मौत हो गई, जबकि उसकी 60 वर्षीय पत्नी रेखा देवी, पुत्र 23 वर्षीय सामदेव यादव तथा 25 वर्षीय रामदेव यादव घायल हो गया।
घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल लाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद सामदेव यादव और रेखा देवी की नाजुक स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
मामले की जानकारी मिलते ही राजमहल इंस्पेक्टर राजीव कुमार और राजमहल थाना प्रभारी हसनैन अंसारी दलबल के साथ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे और घायलों से मामले की जानकारी ली।
बताया जाता है कि रूदल यादव व हरिकिशोर यादव सगे भाई हैं। रूदल यादव के पुत्र रामदेव यादव ने बताया कि चाचा हरिकिशोर यादव उनकी जमीन पर दीवाल दे रहे थे। रोकने पर उनलोगों ने हमला कर दिया जिसमें उसके पिता की मौत हो गयी तथा मां व भाई घायल हो गए। उसे भी चोट लगी है। किसी तरह भागकर उसने जान बचायी।
उधर, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। बताया जाता है कि मारपीट के दौरान हरिकिशोर यादव व उसके समर्थकों को भी चोट लगी और वे लोग इलाज कराने के लिए अनुमंडल अस्पताल पहुंचे लेकिन जैसे ही रूदल यादव की मौत की सूचना मिली सभी पुलिस के डर से बिना इलाज कराए ही भाग गए।