राजनीति में सक्रिय होने के बाद भी अपने पेशे यानी कमर्शियल पायलट की भूमिका से कैप्टन राजीव प्रताप रूडी बखूबी न्याय कर रहे हैं। बिहार के सारण से भाजपा से लोकसभा सदस्य राजीव प्रताप रूडी ने टर्बुलेंस से प्रभावित फ्लाइट की लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग करा सैकड़ों यात्रियों की वाहवाही लूटी।
नई दिल्ली से पटना जा रही फ्लाइट गुरुवार को टर्बुलेंस में फंस गई तो कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने उसे लखनऊ की ओर मोड़ा और वहां पर सुरक्षित लैडिंग कराई। खराब मौसम की वजह से विमान को पटना से लखनऊ की ओर डायवर्ट किया गया और वहां इसकी लैंडिंग कराई गई। इसके बाद विमान के कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने खुद सभी यात्रियों को सुरक्षित होने की जानकारी दी। ये सुनकर सभी यात्री खुशी से तालियां बजाने लगे।
फ्लाइट ने बुधवार शाम दिल्ली से पटना के लिए उड़ान भरी थी। फ्लाइट के टेकऑफ का टाइम शाम 6.45 बजे था, लेकिन ये रात 8.30 बजे रवाना हुई। इंडिगो की फ्लाइट 6E6497 दिल्ली से पटना के लिए रवाना हुई थी। उड़ान के दौरान मौसम अचानक खराब हो गया और फ्लाइट हिचकोले खाने लगी। विमान के जोरदार हिचकोले खाने से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। कई यात्री घबरा गए और केबिन में कुछ देर तनाव की स्थिति रही।
इस दौरान कैप्टन राजीव प्रताप रूडी ने फ्लाइट को पटना में कई बार उतारने की कोशिश की, लेकिन लैंड नहीं करा पाए। कैप्टन ने यात्रियों को खराब मौसम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फ्लाइट को वाराणसी की ओर डायवर्ट किया जा रहा है। वहां से भी क्लियरेंस नहीं मिला। इस वजह से फ्लाइट को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
फ्लाइट की कमान संभाल रहे पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री और पायलट राजीव प्रताप रूडी ने सूझबूझ दिखाई। पटना में फ्लाइट की लैंडिंग नहीं हो सकी तो इसे लखनऊ डायवर्ट किया और सुरक्षित लैंडिंग कराई। फ्लाइट के सुरक्षित उतरने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। यहां फ्लाइट के कैप्टन और सांसद राजीव प्रताप रूडी ने यात्रियों से कहा- अब आप ताली बजा सकते हैं। आप सुरक्षित लैंड कर चुके हैं।
इसके बाद विमान में मौजूद यात्रियों ने तालियां बजाकर उनका अभिवादन किया। इस दौरान कई यात्रियों ने उनकी सूझबूझ और शांत तरीके से स्थिति संभालने की सराहना की। कैप्टन राजीव प्रताप रूडी बिहार के सारण से लोकसभा सांसद हैं। रूडी केंद्र सरकार में कौशल विकास राज्य मंत्री रह चुके हैं। इससे पहले बिहार से राज्यसभा सदस्य भी चुने गए था। वह भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता हैं।