आजकल सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो देखकर लोग अक्सर खतरों के खिलाड़ी बनने निकल पड़ते हैं, जो अक्सर उनके लिए जानलेवा हो जाती है। ऐसा हम इसलिए कह रहे हैं, क्योंकि ताजा मामला ब्राजील से सामने आया है, जहां एक एडवेंचर कंपनी की घोर लापरवाही के कारण 24 साल की युवती की बंजी जंपिंग के दौरान मौत हो गई।
दरअसल, एडवेंचर कंपनी की घोर लापरवाही के कारण एक लड़की बिना बंजी कॉर्ड बंधे ही 35 मीटर की ऊंचाई से नीचे कूद गई और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस खौफनाक हादसे का वीडियो कैमरे में कैद हो गया है, जिसके बाद पुलिस ने मौके से भाग रहे कंपनी के स्टाफ को हिरासत में ले लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह हादसा साओ पाउलो राज्य के लिमेइरा और कोर्डेइरोपोलिस शहरों को जोड़ने वाले ‘पोंटे डो एस्केलेटो’पर हुआ। यह पुल हाल के दिनों में एडवेंचर के शौकीनों और पर्यटकों के लिए एक पसंदीदा स्पॉट बन गया था। लेकिन इस जगह पर सरकार या किसी आधिकारिक संस्था की कोई निगरानी या सुरक्षा रेगुलेशन लागू नहीं था।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मृतका मारिया एडुआर्डा रोड्रिग्स डी फ्रीटास ने इस खतरनाक बंजी जंप और उसका वीडियो शूट कराने के लिए ‘एंट्रे कोर्डास’ नाम की प्राइवेट कंपनी को करीब 290 डॉलर (लगभग 24,500 रुपये) दिया था। वह अपनी वीडियो को यादों में समेटना चाहती थी।
युवती को नहीं बांधी थी सुरक्षा रस्सी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, युवती से पहले तीन और लोगों ने वहां से जंप लगाई थी, जो सुरक्षित रहे। लेकिन जैसे ही लड़की की बारी आई, वहां मौजूद क्रू मेंबर्स ने सुरक्षा नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया। क्रू मेंबर्स ने युवती को कूदने का इशारा करने या नीचे धकेलने से पहले यह चेक करना भूल गए उसकी सुरक्षा रस्सी ठीक से बंधी है या नहीं।
जैसे ही युवती ने पुल से नीचे छलांग लगाई, वहां मौजूद लोगों को तुरंत पता चल गया कि सके पैर या शरीर से कोई रस्सी जुड़ी हुई ही नहीं थी। लड़की सीधे 35 मीटर (करीब 115 फीट) नीचे जा गिरी। हादसे के बाद वहां मौजूद कर्मचारियों के हाथ पांव फुल गए।
वहां मौजूद लोगों ने बताया कि गलती का अहसास होते ही आरोपी इंस्ट्रक्टर्स और स्टाफ वहां से भागने की फिराक में थे। लेकिन उनके भागने से पहले स्थानीय पुलिस ने उन्हें घेर लिया। बताया जा रहा है कि इस मामले में अब तक 6 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।