रेलवे ट्रैक के किनारे अतिक्रमणों को हटाने के लिए पश्चिमी रेलवे द्वारा चलाए जा रहे बेदखली अभियान के चौथे दिन शुक्रवार को बांद्रा स्टेशन के पास गरीब नगर में सभी अनाधिकृत निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने कहा कि 19 मई से अब तक लगभग 500 अवैध झुग्गियों को हटाया जा चुका है, जबकि सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले इस बेदखली अभियान को चुनौती देने वाली विशेष अनुमति याचिका को खारिज कर दिया है।
उन्होंने बताया कि बांबे हाई कोर्ट ने अधिकारियों को 100 ढांचों को पूरी तरह से न गिराने का निर्देश दिया था। इसलिए, इन झुग्गियों के भूतल को बरकरार रखा गया है, जबकि ऊपरी मंजिलों को गिराया जा रहा है।
अधिकारी ने बताया कि लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और ऊपरी मंजिलों को गिराने का शेष काम शनिवार दोपहर तक पूरा होने की उम्मीद है।
पश्चिमी रेलवे के अनुसार, ध्वस्त इमारतों का मलबा साथ-साथ हटाया जा रहा है और निर्धारित निपटान स्थलों पर ले जाया जा रहा है। अभिषेक ने बताया कि स्थल पर बाड़ लगाने और बैरिकेडिंग का काम भी शुरू हो गया है।