बीजापुर : अपर कलेक्टर ने खाद्य विभाग की ली समीक्षा बैठक e-KYC ऑनलाइन सिस्टम और समयबद्ध राशन वितरण के दिए निर्देश…

अपर कलेक्टर एवं प्रभारी अधिकारी खाद्य श्री भूपेन्द्र अग्रवाल द्वारा आज विकासखंड अंतर्गत संचालित पीडीएस दुकानों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में समस्त उचित मूल्य दुकान संचालकों को आधार सीडिंग एवं  e-KYc कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से पीडीया, गमपुर एवं डोडीतुमनार उचित मूल्य दुकानों को  e-KYc कार्य में प्रगति लाने हेतु निर्देशित किया गया।

बैठक में पदेड़ा उचित मूल्य दुकान को आगामी माह से ऑनलाइन संचालन प्रारंभ करने तथा लंबित  e-KYc कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी दुकानदारों को डीडी राशि समय पर जमा करने के लिए कहा गया।

पहुंचविहीन क्षेत्रों में खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण एवं समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। कलेक्टर के गंगालूर प्रवास के दौरान एड़समेटा क्षेत्र में ट्रैक्टर के माध्यम से खाद्यान्न भंडारण एवं वितरण संबंधी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने हेतु संबंधित उचित मूल्य दुकान बुरजी को विशेष रूप से निर्देशित किया गया। वहीं खाद्य निरीक्षक को भी इन निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया।

बैठक के दौरान गोदाम निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की गई। मृत एवं पलायन कर चुके सदस्यों की सूची आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। सांख्यिकी विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबंधित राशन कार्ड नंबर उपलब्ध कराने तथा सभी उचित मूल्य दुकानों में आवश्यक पंजियों का नियमित संधारण करने के लिए भी निर्देशित किया गया।

इसके अतिरिक्त एपीएल राशन कार्डधारियों में ऐसे हितग्राहियों की सूची प्रस्तुत करने के लिए कहा गया जिनके द्वारा नियमित रूप से राशन का उठाव नहीं किया जा रहा है।

बैठक में पुसनार, पदेड़ा, बुरजी, चिन्नाकवाली एवं पेद्दाकोड़ेपाल उचित मूल्य दुकानों को ऑफलाइन से ऑनलाइन प्रणाली में परिवर्तित करने हेतु निर्देश दिए गए। सभी राशन दुकानों को नियमित रूप से खुला रखने एवं पात्र हितग्राहियों को राशन वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी भी क्षेत्र से राशन नहीं मिलने संबंधी शिकायत प्राप्त नहीं होनी चाहिए अन्यथा संबंधितों के विरुद्ध कार्यवाही की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *