विश्व तंबाकू निषेध दिवस की पूर्व संध्या पर जारी आंकड़ों के अनुसार, देश की नेशनल टोबैको क्विटलाइन सर्विस (एनटीक्यूएलएस) को पिछले 10 वर्षों में लगभग एक करोड़ काल प्राप्त हुए हैं और इसने 2.32 लाख से अधिक लोगों को तंबाकू छोड़ने में मदद की है।
18-24 वर्ष की आयु के युवा वयस्कों की संख्या तंबाकू छोड़ने वालों में सबसे अधिक रही, जिसमें 91,933 लोगों ने तंबाकू का सेवन छोड़ दिया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 30 मई 2016 को यह टोल-फ्री क्विटलाइन (1800-11-2356) शुरू की थी, जिसका संचालन दिल्ली विश्वविद्यालय के वल्लभभाई पटेल चेस्ट इंस्टीट्यूट (वीपीसीआइ) से किया जाता है।
आंकड़ों से क्या पता चला?
आंकड़ों से पता चला है कि मई 2016 से अप्रैल 2026 के बीच, तंबाकू छोड़ने के लिए दी जाने वाली परामर्श सेवाओं को अपने इंटरैक्टिव वायस रिस्पांस (आइवीआर) सिस्टम पर 99.31 लाख काल प्राप्त हुए।
इसने 19.92 लाख इनकमिंग काल संभाले और 46.88 लाख आउटगोइंग काल किए।