असम में हिमंत बिस्वा सरमा के शपथग्रहण स्थल से एक व्यक्ति को बंदूक की गोलियों के साथ दबोचा गया है। पुलिस के मुताबिक, खानपारा स्थित वेटरनरी कॉलेज मैदान के एंट्रेंस पर सुरक्षा जांच के दौरान उसके पास से जिंदा कारतूस बरामद हुए।
आरोपी को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया है। उसे वशिष्ठ पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा है। हालांकि पुलिस का कहना है कि व्यक्ति के पास से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है।
कई बड़े नेता मंच पर थे मौजूद
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘गोलियों की बरामदगी से जुड़े हालात और इसमें किसी सुरक्षा खतरे की आशंका है या नहीं, यह पता लगाने के लिए जांच चल रही है।’ यह घटना हिमंत को शपथ दिलाने से कुछ मिनट पहले ही हुई। मंच पर प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह समेत कई बड़े नेता मौजूद थे।
कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, जहाजरानी मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, और NDA के 40 से अधिक मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री पहुंचे थे।
बता दें कि हिमंत बिस्वा सरमा ने मंगलवार को लगातार दूसरी बार असम के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। चार विधायकों में BJP के रामेश्वर तेली और अजंता नेओग, AGP के अतुल बोरा, और BPF के चरण बोरो ने भी मंत्री पद की शपथ ली।