भारतीय रेलवे ने सबसे व्यस्त हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग की क्षमता बढ़ाने के लिए किउल-झाझा तीसरी लाइन के निर्माण और जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा मार्ग पर सुरक्षा मजबूत करने समेत 2,193 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं को मंजूरी दे दी है।
रेल मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि हावड़ा-दिल्ली रेल मार्ग पर किउल-झाझा तीसरी लाइन के लिए मंजूरी दी गई है। 54 किमी लंबी इस परियोजना की लागत 962 करोड़ रुपये होगी।
जम्मू-श्री माता वैष्णो देवी कटरा मार्ग के लिए 238 करोड़ की परियोजना को स्वीकृति दी गई है।
इसके तहत कटरा रेल मार्ग पर संवेदनशील स्थानों पर ढलानों को मजबूत करना, सुरंगों में पानी रिसाव की समस्या का समाधान और पुलों की सुरक्षा से जुड़े कार्य शामिल हैं।
जबकि चेन्नई के उपनगरी रेल नेटवर्क को मजबूत करने के लिए अरक्कोनम-चेंगलपट्टू लाइन के दोहरीकरण परियोजना को भी मंजूरी मिली है।
68 किमी लंबी इस परियोजना की लागत 993 करोड़ रुपये होगी। प्रेट्र के अनुसार, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि किउल-झाझा तीसरी लाइन परियोजना से हावड़ा-दिल्ली कारिडोर पर क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।
रेल सेवाओं की समय पाबंदी और परिचालन में सुधार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त लाइन से यात्री और मालगाडि़यों की सुचारू आवाजाही सुनिश्चित होगी और साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक विकास व व्यापारिक संपर्क को बढ़ावा मिलेगा।