हिमाचल में बड़ा बस हादसा: ड्राइवर को हार्ट अटैक आने से नूरपुर में चंबा-ऊना रूट की बस पलटी…

हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में रविवार सुबह एक निजी बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बस चंबा से ऊना रूट पर जा रही थी। देवीदर्शन नामक निजी बस सवारियों से पूरी तरह से भरी हुई थी।

नूरपुर के न्याजपुर में बस ड्राइवर को हार्ट अटैक हो गया, इस कारण बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हालांकि यह भी बताया जा रहा है कि बस का टायर फटा था।

स्थानीय लोगों ने तुरंत बस में सवार लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। घायलों को सिविल अस्पताल नूरपुर में उपचार दिया जा रहा है। बस में अधिकतर सवारियां जिला चंबा की बताई जा रही हैं।

4 घायलों की हालत गंभीर

चंबा से बस सुबह साढ़े छह बजे ऊना के लिए निकली थी और 11 बजे के करीब नूरपुर में पहुंचने पर यह हादसा हो गया। बस में 40 के करीब यात्री सवार थे, जिन्हें गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है चार लोगों की हालत गंभीर है, जिन्हें टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।  

प्रत्यक्षदर्शी ने बताई हकीकत

प्रत्यक्षदर्शी बस में सवार व्यक्ति जो अस्पताल में उपचाराधीन हैं ने बताया कि ड्राइवर तेज गति से बस चला रहा था। इस दौरान मोड़ पर अचानक एक धमाका हुआ और बस पलट गई, इसके बाद अफरा तफरी मच गई और वह बुरी तरह से चोटिल हो चुके थे। लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। 

पुलिस ने ट्रैफिक मोड़ा

बस बीच सड़क में पलटने से यातायात जाम हो गया। नूरपुर पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए ट्रैफिक को डिफेंस रोड की ओर मोड़ दिया है, जिससे यातायात बहाल हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *