मौसम विभाग का बड़ा अलर्ट: यूपी, बिहार, दिल्ली समेत 17 राज्यों में भारी बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी…

 देशभर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने आज उत्तर प्रदेश, बिहार और दिल्ली-एनसीआर सहित देश के 17 राज्यों के लिए एक महत्वपूर्ण चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, इन राज्यों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश, वज्रपात और 50 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलने की आशंका है।

दिल्ली यूपी में तूफान आंधी का अलर्ट

दिल्ली और आसपास के इलाकों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। धूलभरी आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

यूपी के करीब 22 जिलों में मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। राज्य के कुछ हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश होगी, हालांकि कुछ शहरों में उमस और तपिश का असर भी बना रह सकता है।

बिहार में वज्रपात की चेतावनी

बिहार के 18 से अधिक जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की चेतावनी दी गई है। इस दौरान 50-60 किमी/घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाएं आफत खड़ी कर सकती हैं।

लोगों को बिजली चमकने के दौरान खुले में न जाने की सलाह दी गई है।

पहाड़ी और अन्य राज्य

उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश: पहाड़ी इलाकों में तेज आंधी के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

पंजाब, हरियाणा और राजस्थान: धूलभरी आंधी के साथ छिटपुट बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।

दक्षिण और पूर्वोत्तर भारत: केरल, कर्नाटक, असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है, जिसके चलते यहां अत्यंत भारी बारिश का दौर जारी रहेगा।

केरल में भारी बारिश, पांच जिलों में रेड अलर्ट

केरल के कई हिस्सों में शुक्रवार को भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित रहा। कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए और शाखाएं टूटकर गिर गईं, जिससे कई वाहनों और संपत्तियों को नुकसान पहुंचा।

मौसम विभाग ने शनिवार और रविवार के लिए राज्य के पांच जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, राज्य में अगले दो दिनों में वर्षा और अधिक तीव्र हो सकती है। इसे देखते हुए शनिवार के लिए मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट घोषित किया गया है।

वहीं, रविवार को मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए भी रेड अलर्ट जारी किया गया है।

प्रशासन ने एहतियात के तौर पर वायनाड, कोझिकोड और कासरगोड में पर्यटन स्थलों पर प्रवेश, पहाड़ी मार्गों पर रात्रिकालीन यात्रा तथा पत्थर खनन गतिविधियों पर अस्थायी रोक लगा दी है।

भारी बारिश के कारण सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित

वायनाड और कासरगोड जिलों में छह जून को सभी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है। भारी बारिश के कारण कोच्चि नगर निगम क्षेत्र के कई निचले इलाकों में जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *