मध्य प्रदेश में एथनॉल उत्पादन के लिए आए चावल के घोटाले में गिरफ्तार आरोपितों की निशानदेही पर एसआईटी को खाली बोरे और ट्रकों के रूप में सुबूत हाथ लगे हैं।
मंगलवार को एसआईटी प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं भाजपा नेता रामकिशोर कावरे के भाई कुमार कावरे की टेकाड़ी स्थित हर्ष राइस इंडस्ट्री पहुंची। यहां टीम ने 100 से अधिक खाली बोरे और चार ट्रकों को जब्त किया।
वहीं, आरोपितों से पूछताछ के आधार पर एसआईटी दस्तावेजों, वित्तीय लेनदेन संबंधी साक्ष्य, भंडारण और वितरण का ब्यौरा संकलित कर रही है।
इसके अलावा महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के संदिग्ध राइस मिल संचालकों से भी पूछताछ जारी है। आने वाले दिनों में आरोपितों की संख्या बढ़ सकती है।
सूत्रों के अनुसार, ये खाली बोरे, उसी फोर्टिफाइड चावल के हैं, जो एफसीआई के नवेगांव डिपो से छिंदवाड़ा के एवीजे ग्रुप के एथनॉल प्लांट के लिए ले जाया गया, लेकिन उसे रास्ते में ही हर्ष राइस मिल में खपा दिया गया। जब्त चारों ट्रकों का इस्तेमाल चावल की हेराफेरी में किया गया था, जिसके सुबूत एसआइटी के पास हैं।
सूत्रों के अनुसार, बोरे और ट्रकों की जब्ती के दौरान हर्ष राइस मिल का साझेदार और आरोपित विनोद शर्मा भी मौजूद था, जिसकी निशानदेही पर एसआइटी ने जब्ती की कार्रवाई की है।
वहीं, पूर्व मंत्री के भाई कुमार कावरे और भतीजे अविनाश कावरे पर भी कानूनी शिकंजा कसता नजर आ रहा है। संभावना है कि एसआईटी जल्द ही चाचा-भतीजे पर बड़ा एक्शन ले सकती है। खाली बोरों और ट्रकों की जब्ती के बाद ये संभावना और प्रबल हो गई है।
अब तक यहां से जब्त हुए खाली बोरे
- संचेती राइस मिल (वारासिवनी) : मिल के संचालक और वित्तीय प्रबंधक आरोपित राजेश उर्फ राजू संचेती ने दो जून की रात अपनी मिल में सरकारी चावल से भरे दो हजार बोरे उतरवाए थे। साक्ष्य मिटाने के लिए बोरों में लगे टैग फेंक दिए थे। एसआईटी ने 22-23 जुलाई को सभी दो हजार बोरे जब्त किए थे।
- नंदगोपाल राइस मिल (सिवनी) : नोएडा से गिरफ्तार सिवनी की नंदगोपाल राइस मिल के संचालक सोनू जैन की निशानदेही पर एसआइटी की विशेष टीम ने सोमवार को एक हजार से अधिक खाली बोरे जब्त किए हैं। इन बोरों में भरा सरकारी चावल नंदगोपाल राइस मिल में खपाया गया था।
- हर्ष राइस मिल (टेकाड़ी, बालाघाट) : हर्ष राइस मिल से 100 से अधिक खाली बोरों के अलावा हेराफेरी में प्रयुक्त चार ट्रक जब्त होने से यह साबित हो रहा है कि यहां भी सरकारी चावल खपाया गया था।