बेमेतरा : “खुशियों की चाबी” : मंत्री दयालदास बघेल ने हितग्राहियों को सौंपे पीएम आवास के पक्के मकानों की चाबियां…

सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों के चेहरे पर दिखी खुशी, वर्षों का “अपने घर” का सपना हुआ साकार

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत आज जनपद पंचायत नवागढ़ अंतर्गत ग्राम पंचायत कटई में आयोजित सुशासन तिहार शिविर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला।

कार्यक्रम में खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल ने क्षेत्र के ग्रामीण हितग्राहियों को उनके नव निर्मित पक्के मकानों की चाबियां सौंपकर गृह प्रवेश की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर लाभार्थियों के चेहरों पर अपने सपनों का आशियाना मिलने की खुशी साफ झलक रही थी।

कार्यक्रम के दौरान खाद्य मंत्री श्री बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल एक सरकारी योजना नहीं, बल्कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और बेहतर जीवन का आधार है।

उन्होंने कहा कि राज्य एवं केंद्र सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और बुनियादी सुविधाओं का लाभ पहुंचाना है, ताकि कोई भी परिवार कच्चे और असुरक्षित मकानों में रहने को मजबूर न हो।

कच्चे मकानों से मिली मुक्ति, पक्के घरों में शुरू हुई नई जिंदगी

वर्षों से कच्चे मकानों में जीवन यापन कर रहे ग्रामीण परिवारों के लिए यह दिन किसी उत्सव से कम नहीं रहा। जैसे ही हितग्राहियों को उनके नए घरों की चाबियां सौंपी गईं, पूरे परिसर में खुशी और भावुकता का माहौल बन गया।

कई हितग्राहियों ने बताया कि बरसात के दिनों में कच्चे मकानों में रहना बेहद कठिन होता था, लेकिन अब पक्के मकान मिलने से उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकेगा।

एक लाभार्थी ने भावुक होकर कहा आज मेरा खुद के पक्के घर का सपना सच हो गया। अब हमारा परिवार सुरक्षित और खुश है। सरकार ने हमें नई जिंदगी दी है।

सुशासन तिहार बना जनकल्याण और विश्वास का माध्यम

सुशासन तिहार शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। शिविर में अधिकारियों द्वारा योजनाओं के त्वरित निराकरण, जनसमस्याओं के समाधान और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने की प्रक्रिया को प्राथमिकता दी गई। मंत्री श्री बघेल ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाए।

“सबका सपना – घर हो अपना” का सपना हो रहा साकार

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के माध्यम से ग्रामीण अंचलों में हजारों परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए जा रहे हैं। योजना से गरीब परिवारों को न केवल सुरक्षित आवास मिल रहा है, बल्कि उनके जीवन स्तर, सामाजिक सम्मान और आत्मविश्वास में भी सकारात्मक बदलाव आ रहा है। ग्राम पंचायत कटई में आयोजित यह कार्यक्रम ग्रामीण विकास और जनकल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *