बेमेतरा जिले में आयोजित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण का कार्य प्रभावी रूप से किया जा रहा है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत मोहरेंगा की निवासी श्रीमती प्रीति ध्रुव को समाधान शिविर में राशन कार्ड प्रदान किया गया।
श्रीमती प्रीति ध्रुव काफी समय से राशन कार्ड बनवाने के लिए प्रयास कर रही थीं, किन्तु विभिन्न कारणों से उनका आवेदन लंबित था। सुशासन तिहार के तहत आयोजित समाधान शिविर में उन्होंने अपनी समस्या दर्ज कराई, जिस पर प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्यवाही की गई और उन्हें मौके पर ही राशन कार्ड उपलब्ध कराया गया।
राशन कार्ड प्राप्त होने से अब श्रीमती ध्रुव को शासन की खाद्य सुरक्षा योजनाओं का नियमित लाभ मिल सकेगा। इससे उनके परिवार को आवश्यक खाद्यान्न सुलभ हो पाएगा और आर्थिक रूप से भी उन्हें राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित सुशासन तिहार 2026 “शासन आपके द्वार” की अवधारणा को साकार करते हुए आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है। इस पहल से लोगों का शासन एवं प्रशासन के प्रति विश्वास निरंतर सुदृढ़ हो रहा है।
श्रीमती प्रीति ध्रुव ने इस पहल के लिए शासन एवं जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उनके परिवार को खाद्यान्न की चिंता से राहत मिलेगी और वे योजनाओं का लाभ सहजता से प्राप्त कर सकेंगी।