बेमेतरा : बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग का हुआ समापन…

खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने खिलाड़ियों से मिलकर पुरस्कार वितरित किये

बेमेतरा जिले के ग्राम घुरसेना में 10 मई से 12 मई 2026 तक बेमेतरा कबड्डी प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले सहित विभिन्न क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

इस प्रतियोगिता में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा संचालित खेलो इंडिया लघु केंद्र भिम्भौरी एवं जनता हायर सेकेंडरी स्कूल के छात्र गजेंद्र यादव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

बेहतरीन रेडिंग और मजबूत डिफेंस के आधार पर उन्हें प्रतियोगिता का “मैन ऑफ द सीरीज” चुना गया तथा पुरस्कार स्वरूप रेंजर सायकल प्रदान की गई। गजेंद्र यादव खेलो इंडिया केंद्र में प्रशिक्षक कामता प्रसाद के मार्गदर्शन में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। उनकी इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

एम.पी. क्लब घुरसेना द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में राष्ट्रीय निर्णायक नारायण यादव सहित राज्य स्तरीय निर्णायक अंकित निर्मलकर, भानु यादव, उमेश साहू, सोनू साहू, जे.आर. रजक, धनेन्द्र, मुकेश्वर, रुपेश यादव एवं केदार वर्मा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। समापन अवसर पर छत्तीसगढ़ शासन के खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल ने खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित कर आयोजन की सराहना की। जिला खेल अधिकारी पिंकी मनहर तथा सहायक जिला खेल अधिकारी उपेन्द्र सेंगर ने आयोजन की सफलता पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं आयोजकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *