भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट के गठन की पहल की गई है। छत्तीसगढ़ के गृह मंत्री विजय शर्मा ने 26 जून को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर अनुरोध किया था।
आरंभिक प्रतिक्रिया में सकारात्मक संकेत मिले हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नौ जुलाई 2026 को भेजे जवाब में बताया कि प्राप्त प्रस्ताव पर विचार की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि रक्षा मंत्री ने पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि इस प्रस्ताव पर जांच एवं आवश्यक कार्यवाही की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर रेजिमेंट बनने से क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को सेना में भर्ती के बेहतर अवसर मिलेंगे और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे।
गृह मंत्री शर्मा ने कहा है कि बस्तर के जवानों ने माओवादियों का प्रतिकार करते हुए वीरता का परिचय दिया है। ये दुर्गम क्षेत्रों की विषम परिस्थितियों में भी गोरिल्ला युद्ध में अभ्यस्त हैं। भारतीय सेना में बस्तर रेजिमेंट का गठन राष्ट्रीय सुरक्षा, क्षेत्रीय विकास और सामाजिक स्थिरता में योगदान देने वाली एक रणनीतिक पहल होगी।