अमेरिकी राजनीति में बराक ओबामा का जलवा बरकरार, लोकप्रियता के मामले में ट्रंप और बाइडन पर भारी…

व्हाइट हाउस और अमेरिका के राजनीति से सालों से दूर रहने वाले पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा को लेकर एक बड़ी रिपोर्ट सामने आई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ओबामा आज भी अमेरिकी जनता के दिलों पर राज कर रहे हैं।

सीएनएन के लिए ‘SSRS’ द्वारा किए गए एक नए पोल में यह बात सामने आई है कि ओबामा को लेकर अमेरिकी जनता का नजरिया मौजूदा राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन के मुकाबले कहीं ज्यादा सकारात्मक और मजबूत है। यह सर्वे रिपोर्ट ऐसे समय पर आई है, जब गुरुवार को ही शिकागो में ‘बराक ओबामा प्रेसिडेंशियल सेंटर’ की शुरुआत हुई है।

लोकप्रियता की रेस में कौन कहां?

सर्वे के मुताबिक, बराक ओबामा इस समय अमेरिका के सबसे लोकप्रिय जीवित राष्ट्रपति हैं। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 57% अमेरिकी जनता ओबामा को पसंद करती है। इसके इतर मौजूदा राष्ट्रपति ट्रंप को केवल 34% लोग ही पसंद करते हैं। इसके अलावा पूर्व राष्ट्रपति जो बाइडन इस लिस्ट में सबसे नीचे हैं, उन्हें सिर्फ 30% लोगों का समर्थन हासिल है।

ओबामा को क्यों पसंद कर रहे हैं विरोधी पार्टी के लोग?

बता दें कि इस सर्वे की सबसे बड़ी और चौंकाने वाली बात यह है कि ओबामा को अपनी पार्टी (डेमोक्रेटिक पार्टी) के अलावा दूसरी पार्टियों के लोग भी पसंद कर रहे हैं। ओबामा की लोकप्रियता स्वतंत्र यानी निर्दलीय वोटरों के बीच ट्रंप और बाइडन से दोगुनी से भी ज्यादा है।

वहीं ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के हर 5 में से 1 वोटर (करीब 20%) ओबामा को पसंद करते हैं। ऐसे में यह कहना गलत नहीं होगा कि राजनीति से दूर रहने के बाद भी ओबामा की छवि में पिछले एक दशक से कोई गिरावट नहीं आई है, जबकि उनके कार्यकाल के दौरान जनता के विचार थोड़े बंटे हुए थे।

अन्य पूर्व राष्ट्रपतियों का हाल- वक्त के साथ बदलती छवि

सर्वे में अमेरिका के अन्य पूर्व राष्ट्रपतियों की लोकप्रियता पर भी बात की गई है। जैसे कि जॉर्ज डब्ल्यू बुश को 42% लोग पसंद करते हैं, जबकि 33% लोग नापसंद करते हैं। इसका कारण है कि जब बुश ने अपना कार्यकाल खत्म किया था तब वे काफी अलोकप्रिय थे, लेकिन समय के साथ उनकी छवि सुधरी है।

दूसरी ओर बिल क्लिंटन को चाहने वाले और नापसंद करने वाले लोगों की संख्या लगभग बराबर है। जबकि जो बाइडेन ने जब अपनी प्रेसिडेंसी शुरू की थी, तब उनकी लोकप्रियता 59% थी। व्हाइट हाउस छोड़ते वक्त यह गिरकर 33% हुई और अब यह अपने सबसे निचले स्तर यानी 30% पर पहुंच गई है।

अमेरिकी जनता सबसे ज्यादा किसका सम्मान करती है?

रिपोर्ट में बताया गया कि जब लोगों से सीधे यह खुला सवाल पूछा गया कि वे इतिहास में किस अमेरिकी राष्ट्रपति का सबसे ज्यादा सम्मान करते हैं, तो नतीजे कुछ इस तरह थे-

राष्ट्रपति का नामकितने प्रतिशत लोग सम्मान करते हैं
बराक ओबामा30% (सबसे ऊपर)
डोनाल्ड ट्रंप19%
अब्राहम लिंकन9%
रोनाल्ड रीगन9%
जॉन एफ. कैनेडी6%
जॉर्ज वाशिंगटन5%

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *