पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में राजकीय सम्मान के साथ हुआ अंतिम संस्कार, मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मिलकर बंधाया ढांढस
अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं छत्तीसगढ़ अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा आज पंचतत्व में विलीन हो गए। जिले के गुंडरदेही विकासखंड स्थित उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा में पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने स्वर्गीय श्री कोर्सेवाड़ा की पार्थिव देह पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके पार्थिव शरीर को कांधा देकर उन्हें अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनके शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और उन्हें इस कठिन समय में ढांढस बंधाया।
उल्लेखनीय है कि स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की आयु में हैदराबाद में उपचार के दौरान निधन हो गया था।
गौरतलब है कि आज शनिवार सुबह उनका पार्थिव शरीर विमान से रायपुर पहुंचा। स्वामी विवेकानंद विमानतल पर लोगों के अंतिम दर्शन और श्रद्धांजलि अर्पित करने की व्यवस्था की गई थी। इसके बाद पार्थिव शरीर भिलाई-3 स्थित उनके शासकीय आवास पहुंचा, जहां परिजनों, जनप्रतिनिधियों और शुभचिंतकों ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि अर्पित की।
इसके पश्चात पार्थिव शरीर को उनके पैतृक ग्राम भेण्ड्रा ले जाया गया, जहां राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस अवसर पर खाद्य मंत्री श्री दयाल दास बघेल, स्वास्थ्य मंत्री श्री श्याम बिहारी जायसवाल, स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव, कौशल विकास मंत्री श्री गुरू खुशवंत साहेब, सांसद श्री विजय बघेल एवं श्री भोजराज नाग, विधायक श्री पुन्नुलाल मोहले, श्री ईश्वर साहू, श्री ललित चन्द्राकर, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय सहित अनेक स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर दुर्ग श्री अभिजीत सिंह, कलेक्टर बालोद श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा, एसपी श्री किरण गंगाराम चव्हाण, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील कुमार चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, श्री हरिवंश सिंह मिरी, श्री गिरधारी लाल यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, बड़ी संख्या में सतनामी समाज के गणमान्य नागरिक और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
दिवंगत विधायक के सम्मान में राज्योत्सव सादगी से होगा आयोजित
स्वर्गीय श्री डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर सम्मान व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन ने जिला स्तरीय राज्योत्सव समारोह को सादगी के साथ आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसके तहत समारोह में होने वाले सभी सांस्कृतिक कार्यक्रम स्थगित कर दिए गए हैं। अब राज्योत्सव में केवल शासकीय योजनाओं और जिले में हुए विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इस प्रदर्शनी के माध्यम से आम नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले की विकास उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी।