डौण्डीलोहारा विकासखण्ड में स्वास्थ्य और महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की गहन समीक्षा की
स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति संतोष नही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारी के वेतन रोकने के दिए निर्देश
कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी केन्द्र बनाने हेतु समुचित उपाय करने को कहा
कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा की उपलब्धता सुनिश्चित कराने हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा आज सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र डौण्डीलोहारा के सभाकक्ष में विकासखण्ड के स्वास्थ्य एवं महिला एवं बाल विकासविभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर उक्ताशय के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि सभी को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना शासन के विशेष प्राथमिकता में शामिल है। इसलिए स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में बिल्कुल भी लापरवाही बर्दाश्त नही की जाएगी। बैठक में उन्होंने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड में विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की।
श्रीमती मिश्रा ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के कुछ उप स्वास्थ्य केन्द्रों में राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति संतोषप्रद नही पाए जाने पर गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्होंने इसके लिए संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों का वेतन रोकने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए विभाग के अधिकारियों को कुपोषण मुक्ति हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों को आंगनबाड़ी केन्द्रों को कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी बनाने के लिए समुचित उपाय करने को कहा। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डाॅ. जेएल उइके, जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री अमित सिन्हा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, खण्ड चिकित्सा अधिकारी एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग के कार्यों में मेरा विशेष फोकस रहेगा। उन्होंने कहा कि जिले के स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने हेतु वे नियमित रूप से विकासखण्ड मुख्यालयों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की बैठक लेकर विभागीय कार्यों की समीक्षा करेंगे। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने उप स्वास्थ्य केन्द्र, प्राथमिक स्वास्थ्य एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्रवार टीकाकरण अभियान, टीबी मुक्त अभियान के अलावा संस्थागत प्रसव की स्थिति तथा कुष्ठ रोग की रोकथाम की उपाय सुनिश्चित करने हेतु किए जा रहे कार्यों के संबंध में जानकारी ली।
इसके अलावा उन्होंने 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर सेे बचाव हेतु टीकाकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी बालिकाओं को शत प्रतिशत सर्वाइकल कैंसर के बचाव हेतु टीका लगाने के निर्देश दिए।
इसके लिए उन्होंने शिक्षक-पालक समिति बैठकों में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराकर बच्चों के पालकों को इसके लिए प्रेरित करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने सभी स्वास्थ्य केन्द्रों में आम नागरिकों एवं मरीजों के बीपी, शुगर एवं मानसिक स्वास्थ्य, मुँह का कैंसर आदि बीमारियों का नियमित रूप से जांच की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के बेहतर संस्थागत प्रसव वाले स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारी-कर्मचारियों के कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को विभाग के बेहतर कार्य करने वाले अधिकारियों को 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय बालोद में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित करने हेतु प्रस्ताव भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों के अंतर्गत अधो संरचना से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से जर्जर एवं मरम्मत योग्य अस्पताल भवनों के अलावा अन्य जरूरी आवश्यकता के संबंध में जानकारी ली। श्रीमती मिश्रा ने जर्जर स्वास्थ्य केन्द्रों के स्थान पर नवीन भवन निर्माण तथा मरम्मत आदि आवश्यकता होने पर तत्काल प्रस्ताव भेजने के भी निर्देश दिए। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य केन्द्रों में मरीजों की इलाज की स्थिति की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को बिना वाजिब कारण के बिल्कुल भी अन्य अस्पतालों में रेफर नही करने के निर्देश दिए।
श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को समझाईश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों का कार्य आम जनता के जीवन से जुड़ा होता है। इसलिए आप सभी का कार्य अत्यंत सम्मानीय एवं आदर्श है। इस कारण से स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही की गुंजाईश बिल्कुल भी नही होती है। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने स्वास्थ्य विभाग के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं लगन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा प्रदान करने को कहा।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यो की भी समीक्षा की। उन्होंने कुपोषण को व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक विकास में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को इसकी रोकथाम हेतु पुख्ता उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के आंगनबाड़ी केन्द्रों के कुपोषण मुक्त आंगनबाड़ी केन्द्र बनाने की दिशा में भी कारगर उपाय सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने डौण्डीलोहारा विकासखण्ड में महतारी वंदन योजना, नोनी सुरक्षा योजना, सुकन्या समृद्धि योजना सहित विभाग के विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विकासखण्ड में जर्जर आंगनबाड़ी भवनों के संबंध में जानकारी लेते हुए इसके स्थान पर नये भवनों के निर्माण हेतु तत्काल प्रस्ताव प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होेंने विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को जिला प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे मिशन गोद अभियान के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने इस अभियान के अंतर्गत कुपोषित बच्चों को सामान्य श्रेणी में लाने हेतु जरूरी उपाय सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए। श्रीमती मिश्रा ने कुपोषण मुक्ति हेतु गर्भवती माताओं की समुचित देखभाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्रों में लगाए गए वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था के संबंध में भी जानकारी ली। इसके अलावा उन्होंने जिला प्रशासन के वृहद वृक्षारोपण अभियान के तैयारियों के संबंध में जानकारी लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को इस अभियान के अंतर्गत अधिक से अधिक पौधरोपण करने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने अधिकारी-कर्मचारियों को रोपे गए सभी पौधों की सुरक्षा एवं देखभाल की भी समुचित उपाय सुनिश्चित करने को कहा। इस मौके पर कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी ने अस्पताल परिसर में पौध रोपण भी किया।