बाबा केदार की पंचमुखी डोली ऊखीमठ से रवाना, 22 अप्रैल को खुलेंगे केदारनाथ धाम के कपाट…

भगवान श्री केदारनाथ जी की पंचमुखी चल विग्रह उत्सव डोली रविवार को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ से विधिवत पूजा-अर्चना और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गई।

परंपरागत रीति-रिवाजों के तहत मंदिर की परिक्रमा के बाद डोली ने अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया। इस दौरान पूरा क्षेत्र “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में अपार उत्साह देखने को मिला।

पुष्प वर्षा कर लिया बाबा केदार का आशीर्वाद

डोली प्रस्थान से पूर्व मंदिर परिसर में भारी संख्या में श्रद्धालु एकत्रित हुए, जिन्होंने पुष्प वर्षा कर बाबा केदार का आशीर्वाद लिया। मंदिर को लगभग आठ कुंतल फूलों से भव्य रूप से सजाया गया, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। परंपरा के अनुसार शनिवार रात्रि को भैरवनाथ जी की विशेष पूजा-अर्चना भी संपन्न की गई।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार डोली ऊखीमठ से गुप्तकाशी पहुंचेगी, जहां श्री विश्वनाथ मंदिर में श्रद्धालुओं को दर्शन देने के बाद फाटा के लिए प्रस्थान करेगी और वहीं रात्रि विश्राम होगा। 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड स्थित गौरीमाई मंदिर पहुंचेगी, जबकि 21 अप्रैल को प्रातः केदारनाथ धाम पहुंचकर मंदिर भंडार में विराजमान होगी। इसके बाद 22 अप्रैल को प्रातः 08 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक विधि-विधान के साथ केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *