सेना प्रमुख ने की सीमा सुरक्षा की समीक्षा, पूर्वी कमान संग उच्चस्तरीय बैठक में सिलीगुड़ी कॉरिडोर पर खास फोकस…

थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ ने देश की सीमा सुरक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। वह बंगाल में दार्जिलिंग जिले के अधीन सुकना स्थित पूर्वी कमान के दौरे पर आए थे। यहां उन्होंने वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की।

बैठक में त्रिशक्ति कोर के जीओसी ने उन्हें क्षेत्रीय सुरक्षा की स्थिति से अवगत कराया। सेना प्रमुख ने प्रौद्योगिकी समावेशन, क्षमता विस्तार और चल रही आधुनिकीकरण परियोजनाओं की भी समीक्षा की। बुधवार को उन्होंने बेंगडुबी सैन्य स्टेशन का भी दौरा किया।

इसके बाद स्पीयर कोर पहुंचकर उन्होंने वहां की परिचालन तैयारियों का मूल्यांकन किया। इसके साथ ही सशस्त्र सीमा बल सिलीगुड़ी फ्रंटियर के आइजी वंदन सक्सेना ने उनसे मुलाकात की। उन्होंने सेना प्रमुख को भारत-नेपाल और भारत-भूटान सीमा पर सुरक्षा स्थिति की जानकारी दी गई।

बता दें कि सामरिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील सिलीगुड़ी कारिडोर उर्फ चिकन नेक की सुरक्षा को लेकर केंद्र और राज्य सरकार सतर्क हैं। चीन की नेपाल-भूटान पर बढ़ती नजर और बांग्लादेश के साथ संबंधों के उतार-चढ़ाव को देखते हुए यह दौरा विशेष महत्व रखता है।

18 जुलाई को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सिलीगुड़ी कारिडोर की सुरक्षा को लेकर विभिन्न एजेंसियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक करने वाले हैं। जनरल सेठ के इस दौरे से पूर्वी सीमा पर सुरक्षा तैयारियों को नई गति मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *