ईरान में 14 साल की लड़की को पति ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट, कुछ दिन पहले ही दिया था बच्चे को जन्म…

ईरान में एक 14 वर्षीय लड़की की उसके पति ने बुरी तरह पीट-पीटकर हत्या कर दी। लड़की ने कुछ दिन पहले ही एक बच्चे को जन्म दिया था। किशोरी की पहचान सोगंद मोश्तारेकी के रूप में हुई है। उसने अपने 20 वर्षीय पति से अपने परिवार से मिलने जाने के लिए पूछा था।

ईरान ह्यूमन राइट्स (IHR) के अनुसार, सोगंद के पति ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और बताया है कि इसके पीछे पारिवारिक विवाद कारण था। केर्मन प्रांत की सोगंद हाल ही में एक सड़क दुर्घटना में बाल-बाल बची थी, जब उसे प्रसव के लिए ले जाया जा रहा था।

परिवार से बातचीत पर लगा रखी थी पाबंदी

वह उस हादसे से तो बच गईं और उन्होंने सुरक्षित बच्चे को जन्म भी दिया, लेकिन इसके कुछ ही समय बाद उनके पति ने उनकी जान ले ली। आईएचआर ने बताया कि सोगंद के पति ने परिवार के साथ उसकी बातचीत पर रोक लगा दी थी और जब वह घर से बाहर जाता था तो उसे घर के अंदर बंद कर देता था। इसमें यह भी कहा गया कि इस मामले ने ईरान में जबरन शादी के जानलेवा नतीजों को उजागर कर दिया है।

सोगंद की मौत उसी दिन हुई, जिस दिन फार्स प्रांत की 21 वर्षीय गर्भवती महिला सेपिदेह रायसी की हत्या कर दी गई। उसकी तरह ही सेपिदेह को भी जबरन शादी करने के लिए मजबूर किया गया था और उसके पति ने ही उसकी हत्या कर दी।

पिछली घटनाएं

इस महीने की शुरुआत में ईरान में 19 साल की एक गर्भवती महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसे ऑनर किलिंग का मामला बताया जा रहा है। मृतक महिला की पहचान हेलिया फत्ताही के रूप में हुई है। एक युवक के साथ रिश्ते के चलते वह दो महीने की गर्भवती थी और जब उसने अपने परिवार को यह बात बताई तो वे भड़क गए।

आरोप है कि गुस्से में आकर उसके माता-पिता ने उसे लगभग 30 दौरे रोकने वाली गोलियां जबरदस्ती खिला दीं और बुरी तरह पीटा। इसके बाद उन्होंने तकिए से उसका दम घोंटकर हत्या कर दी। यह घटना पश्चिमी ईरान के शहर सनंदाज में हुई और आरोपी माता-पिता वोरिया फत्ताही और लैला वेइस को अधिकारियों ने गिरफ्तार कर लिया है।

उन दोनों ने हत्या करने की बात कबूल कर ली है। मानवाधिकार संगठन हेंगा और एक अन्य मानवाधिकार समूह हाना ने इस हत्या को तथाकथित ऑनर किलिंग बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *