भारत के करीब 66% किशोरों में विटामिन B12 की कमी, गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाएं भी प्रभावित…

भारतीय किशोरों में विटामिन बी12 की कमी एक गंभीर पोषण संबंधी समस्या बनकर सामने आई है।

भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) के एक सर्वेक्षण के अनुसार, देश के करीब दो-तिहाई किशोरों में इस महत्वपूर्ण विटामिन की कमी पाई गई है। लड़कों में इसकी समस्या लड़कियों की तुलना में थोड़ी अधिक है।

आईसीएमआर-एनआइएन के सर्वेक्षण के अनुसार, 10 से 19 वर्ष की आयु के 66.1 प्रतिशत लड़कों और 65.4 प्रतिशत लड़कियों में विटामिन बी12 का स्तर निर्धारित मानक से कम पाया गया।

सर्वेक्षण में 203 पिकोग्राम प्रति मिलीलीटर से कम सीरम विटामिन बी12 स्तर को इसकी कमी माना गया है। ये निष्कर्ष 2023 से 2025 के दौरान किए गए संपदा सर्वेक्षण का हिस्सा हैं। इसका उद्देश्य देश में एनीमिया और सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी का आकलन करना था।

सर्वेक्षण में 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों के दो लाख से अधिक लोगों तथा 81 हजार से ज्यादा परिवारों को शामिल किया गया। इस दौरान 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया।

सर्वेक्षण के अनुसार, किशोरियों में 36.3 प्रतिशत को आयरन और 8.6 प्रतिशत को फोलेट की कमी थी। वहीं किशोर लड़कों में आयरन की कमी 10 प्रतिशत और फोलेट की कमी 6.3 प्रतिशत दर्ज की गई।

यह समस्या केवल किशोरों तक सीमित नहीं है। 20 से 59 वर्ष की आयु के 60.4 प्रतिशत पुरुषों और 55.2 प्रतिशत गैर-गर्भवती एवं गैर-स्तनपान कराने वाली महिलाओं में भी विटामिन बी12 की कमी मिली।

गर्भवती महिलाओं में यह आंकड़ा 63.1 प्रतिशत रहा। बच्चों में भी इसकी कमी देखी गई। पांच से नौ वर्ष के 46.5 प्रतिशत बच्चों और 12 से 59 महीने के 37.3 प्रतिशत बच्चों में विटामिन बी12 का स्तर कम पाया गया।

सर्वेक्षण ने एनीमिया और विटामिन बी12 की कमी के बीच अंतर भी उजागर किया। किशोरियों में एनीमिया की दर 46.3 प्रतिशत थी, जबकि 65.4 प्रतिशत में विटामिन बी12 की कमी मिली। संस्थान के अनुसार, ये आंकड़े देश में पोषण संबंधी कमियों की पहचान करने और लक्षित स्वास्थ्य योजनाएं बनाने में मददगार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *