अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट हाईजैक करने की कोशिश? यात्री ने विमान का गेट खोलने का किया प्रयास, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग…

 बुधवार को शिकागो जा रही अमेरिकन एयरलाइंस की एक फ्लाइट को रास्ते से मोड़कर फीनिक्स में उतारना पड़ा। यह कदम तब उठाया गया जब एक यात्री ने कथित तौर पर विमान को हाइजैककरने की कोशिश की।

सैन डिएगो से शिकागो जा रही फ्लाइट 1494 की फीनिक्स स्काई हार्बर इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

कैसे घटी पूरी घटना?

खबरों के मुताबिक, विमान में सवार एक व्यक्ति अचानक अपनी सीट से उठकर विमान के अगले हिस्से की ओर बढ़ गया। क्रू मेंबर्स द्वारा बार-बार अपनी सीट पर लौटने के निर्देश देने के बावजूद उसने बात नहीं मानी और विमान के एग्जिट डोर से छेड़छाड़ करने की कोशिश की।

फीनिक्स पुलिस के अनुसार, स्थानीय समय के मुताबिक रात करीब 1 बजे विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। लैंडिंग होने तक फ्लाइट क्रू और अन्य यात्रियों ने मिलकर उस व्यक्ति को काबू में किए रखा।

यात्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया खौफनाक अनुभव

विमान में मौजूद एक यात्री शॉन बेनेट ने सोशल मीडिया पर इस डरावने अनुभव को साझा किया। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने विमान को अपने कब्जे में लेने की कोशिश की, लेकिन कई बहादुर हीरोज ने बीच-बचाव कर उसे रोक लिया।

बेनेट द्वारा रिकॉर्ड किए गए एक वीडियो में वह व्यक्ति फ्लाइट अटेंडेंट और अन्य यात्रियों से जूझता हुआ दिखाई दे रहा है, जिन्होंने उसे फर्श पर दबा रखा था।

बेनेट ने लिखा कि सैन डिएगो से शिकागो जाने वाली मेरी पहली फ्लाइट AA1494 में किसी ने विमान पर कब्जा करने की कोशिश की। हमने फीनिक्स में इमरजेंसी लैंडिंग की है। कई बहादुर लोगों ने उसे काबू कर लिया। हम सुरक्षित हैं। फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन अब इस पूरी घटना की जांच कर रहा है।

पिछले हफ्ते भी हुई थी इमरजेंसी लैंडिंग

इससे पहले पिछले हफ्ते भी फीनिक्स स्काई हार्बर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद अमेरिकन एयरलाइंस के एक एयरबस A319 विमान ने मेडे कॉल जारी किया था, जिसमें 120 लोग सवार थे।

एयर ट्रैफिक कंट्रोल ने पायलटों को चेतावनी दी थी कि उनके ठीक पीछे उड़ान भर रहे स्काईवेस्ट के क्रू ने विमान के एक इंजन से आग की लपटें निकलती देखी हैं और साथ ही फ्लूइड के रिसाव की भी आशंका जताई थी।

हालांकि, अमेरिकन एयरलाइंस ने पुष्टि की कि फ्लाइट में तकनीकी खराबी आई थी, लेकिन इस बात पर जोर दिया कि आग लगने का कोई सबूत नहीं मिला।

फ्लाइट 3230 सुरक्षित रूप से एयरपोर्ट लौट आई थी और उसे जांच के लिए सर्विस से हटा दिया गया था, जबकि यात्रियों को उसी शाम पोर्टलैंड जाने वाली दूसरी फ्लाइट से रवाना किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *