US इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट (ICE) ने भारतीय मूल के राहुल आनंदकृष्णन को हिरासत में लिया है। टेक्सस में ‘इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग’ (बिना अनुमति के आपत्तिजनक तस्वीरें/वीडियो लेना) के प्रयास के मामले में दोषी पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।
यह मामला 7 जून का है। ICE ने बताया कि आनंदकृष्णन पहले ही काउंटी जेल में सजा काट चुका है और अब इमिग्रेशन कोर्ट की कार्यवाही पूरी होने तक वह ICE की हिरासत में रहेगा।
आपत्तिजनक तस्वीरें भेजने के आरोप में कार्रवाई
ऑस्टिन पुलिस को कैपिटल प्लाजा शॉपिंग सेंटर स्थित ‘टोटल वायरलेस’ स्टोर से सूचना मिली थी। एक महिला ने शिकायत की थी कि स्टोर के एक कर्मचारी ने उसका फोन लिया और उसकी निजी तस्वीरें खुद को भेज लीं।
महिला ने आरोप लगाया कि फोन खोलने के लिए उसने ग्राहक से उसका पासकोड मांगा। इसके बाद, उसने जानबूझकर ग्राहक की फोटो गैलरी खोली और ‘एयरड्रॉप’ (AirDrop) के जरिए कुछ न्यूड तस्वीरें अपने डिवाइस पर भेजने की कोशिश की।
महिला ने पुलिस को बताया कि आनंदकृष्णन उसका फोन लेकर स्टोर के पिछले हिस्से में चला गया था। वहां से लौटने के बाद, महिला ने देखा कि ‘एयरड्रॉप’ के जरिए उसकी दो निजी तस्वीरें उस कर्मचारी के डिवाइस पर भेजी गई थीं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसने उसके स्नैपचैट (Snapchat) अकाउंट को भी एक्सेस किया और खुद को उसमें जोड़ लिया। महिला ने पुलिस को साफ तौर पर कहा कि उसने कर्मचारी को अपनी तस्वीरें या स्नैपचैट देखने, या कोई भी निजी तस्वीर खुद को भेजने की अनुमति नहीं दी थी। उसने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की मांग की।
फोन के सेटिंग एप की जगह खोल ली फोटो गैलरी
‘फॉक्स 7 ऑस्टिन’ के जारी किए गए अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, 29 वर्षीय आनंदकृष्णन ने पुलिस को बताया कि ग्राहक अपने आईफोन की नेटवर्क सेटिंग बदलवाने के लिए स्टोर पर आई थी।
हलफनामे के मुताबिक, आनंदकृष्णन ने जांचकर्ताओं को बताया कि तस्वीरें ट्रांसफर नहीं हो पाईं और उसने फोन वापस ग्राहक को दे दिया। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि उसे केवल नेटवर्क सेटिंग देखने की अनुमति थी, न कि ग्राहक की तस्वीरें या अन्य निजी जानकारी देखने की।
आनंदकृष्णन पर शुरुआत में ‘इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग’ (जो एक गंभीर अपराध है) और ‘कंप्यूटर सिक्योरिटी ब्रीच’ (बिना अनुमति कंप्यूटर सिस्टम तक पहुंच बनाना) का आरोप लगाया गया था। हलफनामे के मुताबिक, दूसरा आरोप फोन के ‘फोटो एप’ को बिना अनुमति एक्सेस करने से जुड़ा है।
ICE ने बताया कि बाद में उसे ‘इनवेसिव विजुअल रिकॉर्डिंग’ के प्रयास का दोषी ठहराया गया और उसने काउंटी जेल में सजा काटी। इसके बाद ICE ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।