दक्षिण नाइजीरिया में नाव पलटने से 24 लोगों की मौत हो गई है। बचाव दल ने पानी से शव बरामद किए हैं। इस घटना में जानकारी सामने आई है कि ये सभी लोग अंतिम संस्कार में जा रहे थे।
एएफपी की रिपोर्ट के मुताबिक, नेशनल इमरजेंसी मैनेजमेंट एजेंसी (NEMA) के प्रवक्ता मंजो एजेकिएल ने बताया, ‘अब तक घटना स्थल से 24 शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि खोज और बचाव अभियान अभी भी जारी है।’
‘बिना लाइफ जैकेट के यात्रा बंद हों’
बायलसा राज्य सरकार ने नाव संचालकों और यात्रियों से अपील की है कि वे भविष्य में होने वाले हादसों को रोकने के लिए सुरक्षा नियमों का पालन करें।
बायलसा की सूचना आयुक्त एबियुवो कोकू-ओबियाई ने शनिवार को एक बयान में कहा, ‘नाव में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाना, तेज रफ्तार, लापरवाही और बिना लाइफ जैकेट के यात्रा करना बंद होना चाहिए। किसी भी यात्रा के लिए किसी की जान जाना सही नहीं है।’
राष्ट्रपति ने जताया दुख
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने इस घटना पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि जिन लोगों की जान गई है, वे ऐसी परिस्थितियों में अपनी जान गंवाने के हकदार नहीं थे।
राष्ट्रपति बोला टिनुबू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ‘इस हादसे में जिन लोगों की जान गई, वे इस तरह से मरने के हकदार नहीं थे।’
नाइजीरिया में नाव पलटने के कई हादसे
नाइजीरिया की नदियों और जलमार्गों पर नाव हादसे अक्सर होते रहते हैं। इसके मुख्य कारणों में नावों में क्षमता से अधिक लोगों का होना, खराब रखरखाव और सुरक्षा नियमों का पालन न करना शामिल है।
यह ताजा घटना नाइजीरिया में हुए जानलेवा नाव हादसों की कड़ी में एक और मामला है।
- अगस्त में, देश के उत्तर-पश्चिम में स्थित सोकोतो राज्य में एक नाव के डूबने से कम से कम 51 लोगों की मौत हो गई थी।
- जनवरी में, जिगावा से योबे राज्य जा रही एक नाव के पलट जाने से कम से कम 26 लोग डूब गए थे; इस नाव में किसान और मछुआरे सवार थे।