आतंकवादी गतिविधियों के शक में एटीएस (आतंकवाद निरोधक दस्ता) पहले भी कई युवाओं को गिरफ्तार कर चुकी है। लखनऊ और गुजरात से आई एटीएस की टीमों ने भी यहां छापेमारी कर युवाओं को पकड़ा है। इसी साल जनवरी माह में स्वार थाना क्षेत्र के नरपतनगर निवासी फैजान सलमानी को गुजरात एटीएस आतंकवादी गतिविधियों के शक में गिरफ्तार कर चुकी है।
छह मई को सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के ग्राम ताश का मझरा निवासी 22 वर्षीय गयास को भी शहजाद भट्टी गैंग के संपर्क में होने के शक में गिरफ्तार किया था। कई दिन की पूछताछ के बाद 12 मई को लखनऊ में न्यायालय में पेश किया था।
न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया था। वर्तमान में गयास लखनऊ की गोसाईगंज जेल में निरुद्ध है। उस पर पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से संपर्क होने की जानकारी एटीएस को मिली थी।
जून माह में शाहबाद क्षेत्र के तीन किशोर देश विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के शक में एटीएस के निशाने पर आ गए थे। इन किशोरों का पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी गैंग से संपर्क होने की जानकारी एटीएस को मिली थी।
एटीएस ने इनमें दो किशोरों से लंबी पूछताछ की। हालांकि बाद में छोड़ दिया था, लेकिन उनके मोबाइल जब्त कर लिए थे। तीसरे किशोर की आयु कम होने के कारण एटीएस ने उससे पूछताछ नहीं की थी।
तीनों किशोर शहजाद भट्टी के इंटरनेट मीडिया अकाउंट को फालो करते थे और उसकी पोस्ट पर सक्रिय रहते थे। आतंकियों को लेकर जिले की टांडा तहसील भी काफी चर्चा में रहती है।
यहां के ग्राम मुतियापुरा निवासी अनस को वर्ष 2021 में जम्मू कश्मीर पुलिस ने गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तानी हैंडलर्स को भारत के धार्मिक स्थलों की जानकारी भेजने का आरोप लगा था।
टांडा के ही मुहल्ला आजादनगर निवासी शहजाद को 18 मई 2025 को लखनऊ एटीएस ने गिरफ्तार किया था। उस पर पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आइएसआइ के लिए जासूसी करने का आरोप लगा है।
वह मसालों के व्यापार की आड़ में सीमा पार संदिग्ध गतिविधियों में शामिल था। उसके कई बार पाकिस्तान जाने और वहां के आइएसआइ एजेंट के संपर्क में होने की जानकारी एटीएस को मिली थी।
28 सितंबर 2025 को उत्तर प्रदेश एटीएस ने जिले के थाना खजुरिया क्षेत्र के सराय कदीम गांव में छापा मारा था। यहां रहने वाले 23 साल के कासिम अली को गिरफ्तार किया था।
एटीएस ने 31 दिसंबर 2007 की रात सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर आतंकी हमले में भी आठ लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें एक आरोपित मोहम्मद शरीफ खजुरिया थाना क्षेत्र के बदनपुरी गांव का था। उसकी पिछले दिनों हत्या हो गई थी।