अमेरिका में इन दिनों आम लोग रोजमर्रा के किराना सामान के साथ-साथ बड़ी मात्रा में पानी की बोतलें, डिब्बाबंद खाद्य सामग्री, चावल, प्रोपेन गैस और जनरेटर खरीदकर घरों में जमा कर रहे हैं।
इस खरीदारी के पीछे किसी प्राकृतिक आपदा या तूफान की चेतावनी नहीं, बल्कि सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाह है। ऑनलाइन मंचों पर यह दावा किया जा रहा है कि पूरे देश में अगले 90 दिनों तक बिजली और अन्य आवश्यक सेवाएं पूरी तरह बंद हो सकती हैं।
हालांकि यह दावा पूरी तरह निराधार है, लेकिन लोगों में डर इतना बढ़ गया है कि वॉलमार्ट, कॉस्टको और ट्रैक्टर सप्लाई जैसे प्रमुख रिटेल स्टोरों पर आपातकालीन वस्तुओं की बिक्री में भारी उछाल देखा गया है।
वॉलमार्ट के अनुसार, इस महीने की शुरुआत में प्रोपेन, बोतलबंद पानी और कैंपिंग से जुड़े सामान की मांग कई गुना बढ़ गई, जबकि कॉस्टको में चावल, डिब्बाबंद भोजन और पानी की खरीदारी में तेजी आई है।
फर्जी वीडियो से फैली भ्रामक खबर
घबराहट में हो रही इस खरीदारी की शुरुआत किसी एक घटना से नहीं हुई, बल्कि इसकी जड़ें सितंबर के अंत में जारी अमेरिकी रक्षा विभाग के एक निर्देश से जुड़ी हैं।
सैन्य तैयारियों से संबंधित उस निर्देश को सोशल मीडिया पर तोड़-मरोड़कर 90 दिनों के ब्लैकआउट की चेतावनी के रूप में प्रचारित किया गया।
इसके बाद टिकटॉक पर ऐसे कई वीडियो वायरल होने लगे, जिनमें कहा गया कि 17 नवंबर से पूरे अमेरिका की बिजली व्यवस्था ठप हो जाएगी। इस भ्रम को और बढ़ाने के लिए कुछ फर्जी वीडियो भी साझा किए गए, जिनमें राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प को ऐसी घोषणा करते हुए दिखाया गया था।
सरकार ने दावों को किया खारिज
दूसरी ओर, अमेरिकी आपदा प्रबंधन एजेंसी फेमा ने 17 नवंबर को देशव्यापी इमरजेंसी अलर्ट सिस्टम के परीक्षण की योजना बनाई थी।
यह हर तीन साल में कम से कम एक बार होने वाला एक सामान्य और नियमित अभ्यास था, लेकिन सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं ने इसे भी किसी बड़े संकट का संकेत बताकर जोड़ दिया।
अमेरिकी अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि देशभर में 90 दिनों तक बिजली कटौती की कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है। विभिन्न फैक्ट-चेक में भी इंटरनेट पर वायरल हो रहे ये सभी दावे पूरी तरह झूठे साबित हुए हैं।
असली तकनीकी खामियों ने लोगों की आशंका को दी हवा
अफवाहों के इसी दौर में कुछ वास्तविक तकनीकी गड़बड़ियों के सामने आने से लोगों का संदेह और गहरा हो गया। हाल ही में माइक्रोसॉफ्ट की सेवाएं बाधित हुईं, हवाई यातायात की संचार प्रणाली में दिक्कत आई, बैंकिंग कामकाज प्रभावित हुआ और एप्पल के सॉफ्टवेयर अपडेट में भी समस्या देखी गई। इसके अलावा, अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी के एक आंतरिक संचार नेटवर्क में भी रुकावट दर्ज की गई।
इन घटनाओं ने सोशल मीडिया पर चल रहे डर को और बल दिया। हालांकि, अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि इन तकनीकी समस्याओं के आपस में जुड़े होने या किसी बड़े साइबर हमले का कोई प्रमाण नहीं मिला है।
विदेशी आपात अभियानों से भी बढ़ी बेचैनी
अमेरिका में बिजली संकट की आशंका को ब्रिटेन, जापान, जर्मनी और नॉर्वे में चलाए जा रहे आपातकालीन जागरूकता अभियानों से भी बढ़ावा मिला है।
इन देशों में नागरिकों को किसी भी संभावित संकट से निपटने के लिए घरों में जरूरी सामान सुरक्षित रखने की सलाह दी जा रही है, जिसे सोशल मीडिया पर अमेरिका में होने वाले ब्लैकआउट के संकेत के तौर पर पेश किया गया।
इस स्थिति पर आरबीसी कैपिटल मार्केट्स का मानना है कि यदि भविष्य में कोई नया भू-राजनीतिक तनाव, साइबर हमला या आधिकारिक सरकारी चेतावनी सामने आती है, तो लोगों की यह सावधानी जल्द ही पैनिक बाइंग यानी घबराहट भरी अंधाधुंध खरीदारी में तब्दील हो सकती है।