कम ब्याज दरों के लिए ट्रंप ने भारत का दिया उदाहरण, अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर निशाना साधते हुए बोले- ‘भारत को देखो’…

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर अपने देश के केंद्रीय बैंक ‘फेडरल रिजर्व’ पर तीखा हमला बोला है। एशिया दौरे से लौटने के बाद व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और मजबूत आर्थिक विकास दर की जमकर तारीफ की।

उन्होंने अमेरिकी फेडरल रिजर्व पर राजनीतिक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऊंची ब्याज दरें अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचा रही हैं।

उन्होंने कहा कि ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि हमारा फेड बहुत ज्यादा राजनीतिक है। वैसे, मैं इसके लिए चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा हूं, मैं इस बात को दोष दे रहा हूं कि हमारा फेड बहुत ज्यादा राजनीतिक है।

आगे कहा कि जब भी हम अच्छे आंकड़े (अच्छे आर्थिक नतीजे) पेश करते हैं, तो वे ब्याज दरें बढ़ा देते हैं। वे ऐसा एक खास मकसद से करते हैं। असल में इसका उल्टा होना चाहिए। एलन ग्रीनस्पैन एक बेहतरीन फेड चेयरमैन थे। जब अच्छे आंकड़े आते थे, तो वे ब्याज दरें कम कर देते थे। जब आपके आंकड़े अच्छे होते हैं, तो आपकी क्रेडिट स्थिति भी बेहतर होती है। हम ठीक इसका उल्टा करते हैं।

उन्होंने कहा कि हम ऐसा देश को बर्बाद करने के लिए कर रहे हैं। और जब हमारे पास इतने अच्छे आंकड़े हैं, तो हमें ब्याज दरें लगातार नहीं बढ़ानी चाहिए। हमें दरें कम करनी चाहिए क्योंकि हमारी क्रेडिट स्थिति बेहतर है।

आगे ट्रंप ने कहा कि तब हमारी जीडीपी चार प्रतिशत नहीं, बल्कि 15 या 20 प्रतिशत होती। मैं बहुत तेजी से कर्ज चुका देता। चीजें इसी तरह होनी चाहिए, लेकिन हम इसका उल्टा कर रहे हैं। अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और जीडीपी 7 प्रतिशत है। हमारी जीडीपी 14, 15, या शायद 20 प्रतिशत तक हो सकती थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *