56 साल की उम्र में भी खुद को युवा नेता क्यों मानते हैं राहुल गांधी? शिकागो यूनिवर्सिटी में बताई इसकी वजह…

56 साल की उम्र में कांग्रेस नेता राहुल गांधी खुद को कैसे युवा नेता मानते हैं ये सवाल जब उनसे किया गया तो उन्होंने इसके शानदार जवाब दिए। कांग्रेस नेता राहुल ने कहा कि उम्र युवा होने का कोई पैमाना नहीं।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल से जब ये पूछा गया कि खुद को युवा नेता के तौर पर कैसे देखते हैं, तो उन्होंने कहा कि जिज्ञासु बने रहना और सवाल पूछने से कभी न डरना चाहिए यहीं इंसान को युवा बनाए रखती है। उन्होंने कहा कि भले ही वे सवाल अजीब या बेतुके ही क्यों न लगें लेकिन सवाल करते रहिए।

जिज्ञासा रखना ही असली युवा होने की पहचान

अमेरिका में शिकागो यूनिवर्सिटी में एक बातचीत के दौरान राहुल ने कहा कि उन्होंने कभी इस बात को नहीं माना कि कुछ सवाल नहीं पूछे जाने चाहिए। उनका मानना है कि अलग-अलग विषयों के प्रति जिज्ञासा रखना ही युवा होने की असली पहचान है।

हर किसी को अपना नजरिया रखने की आजादी

कांग्रेसी नेता ने कहा, “देखिए, हर किसी की अपनी राय होती है, कोई कहेगा कि मैं युवाओं का नेता हूं। कोई कहेगा कि मैं बुजुर्गों का नेता हूं। कोई कुछ और कहेगा। मेरा मतलब है, यह ठीक है। हर किसी को अपना नजरिया रखने की छूट है।”

हर विषय पर सवाल पूछने की आजादी

राहुल से जब पूछा गया कि युवा उनसे क्यों जुड़ाव महसूस करते हैं? इस पर राहुल ने कहा कि उन्हें बचपन से ही जिज्ञासु बने रहने और अलग-अलग विषयों पर सवाल पूछने के लिए प्रोत्साहित किया गया था।

उन्होंने कहा कि लेकिन मुझे बचपन में ही सिखाया गया था कि हमेशा जिज्ञासु रहो और अपनी जिज्ञासा पर कोई सीमा मत लगाओ। इसलिए हर क्षेत्र में सवाल पूछो—जैसे भू-राजनीति (geopolitics) के बारे में सवाल पूछो, महिलाओं के स्वास्थ्य के बारे में पूछो, जानवरों के बारे में पूछो, या लगभग किसी भी चीज के बारे में सवाल पूछो।

बड़े होने पर समाज लगाता है पाबंदी

राहुल ने कहा कि जैसे-जैसे लोग बड़े होते हैं, समाज धीरे-धीरे उनकी जिज्ञासा पर पाबंदियां लगाने लगता है। उन्हें सफलता के पारंपरिक पैमानों पर ध्यान देने के लिए कहता है। उन्होंने कहा, “जैसे-जैसे आप आगे बढ़ते हैं, समाज आपको यह बताने की कोशिश करता है कि कुछ ऐसे सवाल हैं जो आप पूछ नहीं सकते और कुछ ऐसे सवाल हैं जो आपको पूछने ही नहीं चाहिए। वहीं, कुछ सवाल पूछने की आजादी है।”

गणित के टीचर का दिया उदाहरण

उन्होंने कहा, “आप पूछ सकते हैं कि पैसे कैसे कमाएं? आप पूछ सकते हैं कि एक बड़ा घर कैसे खरीदें? आप पूछ सकते हैं कि बड़े होने पर अपने काम में बेहतर कैसे बनें? लेकिन, ऐसे कई सवाल भी हैं जिन्हें पूछने की आपको इजाजत नहीं होती। मैंने कभी इस बात को नहीं माना।”

उन्होंने अपने गणित के पूर्व शिक्षक का उदाहरण दिया, जिनसे वे नाश्ते पर मिले थे और उन्हें पता चला कि वे 60 साल की उम्र में मास्टर्स डिग्री कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि लोगों को सवाल पूछते रहना चाहिए, भले ही वे सवाल दूसरों को अजीब या असहज करने वाले लगें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *