गुजरात के एकता नगर स्थित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में आयोजित राष्ट्रीय सांस्कृतिक उत्सव ‘भारत पर्व 2026’ में बस्तर की समृद्ध लोक संस्कृति और बदलते बस्तर की सकारात्मक तस्वीर ने देशभर के दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया।
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय एवं गुजरात पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 1 से 15 नवंबर तक आयोजित इस उत्सव में कोंडागांव जिले के ग्राम बींजे, धनोरा (विकासखंड केशकाल) के ‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के 75 कलाकारों ने अपनी आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति से बस्तर की कला, परंपरा और विकास की नई कहानी राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत की।
‘भारत पर्व 2026’ में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री भूपेंद्र पटेल सहित केंद्रीय मंत्रियों, विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों, मंत्रिमंडल के सदस्यों तथा संस्कृति विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
‘बस्तर संस्कृति लोकरंग ग्रुप’ के कलाकारों ने नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के कलाकारों के साथ मिलकर लोककला और आधुनिक नाट्य मंचन का प्रभावशाली संगम प्रस्तुत किया। लोक गायक सिद्धार्थ महाजन एवं तिलकराम दुग्गा तथा भूपेंद्र साहू के विशेष सहयोग से तैयार इस प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। देशभर से पहुंचे लगभग 5 हजार कलाकारों की सहभागिता वाले इस आयोजन में कोंडागांव के कलाकारों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम में बस्तर की बदलती तस्वीर को ‘नक्सलवाद के अंधकार से विकास के उजास’ तक की यात्रा के रूप में प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। नाट्य मंचन के माध्यम से दिखाया गया कि किस प्रकार नक्सलवाद के प्रभाव और विकास में आ रही बाधाओं से उबरकर बस्तर में अब सड़क, पुल-पुलिया, स्कूल और कॉलेज जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। गांवों में विकास की पहुंच बढ़ने से आदिवासी समुदाय के जीवन में लौट रही शांति, खुशहाली और नई उम्मीदों को कलाकारों ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति के माध्यम से साकार किया।
प्रस्तुति में बस्तर की पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। मांदर, ढोल और झांझ जैसे पारंपरिक वाद्ययंत्रों की थाप पर प्रस्तुत मांदरी लोकनृत्य ने दर्शकों को आकर्षित किया। वहीं, छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित बस्तर के पारंपरिक बांस शिल्प और हस्तकला को भी लोगों ने सराहा। उत्सव के मुख्य थीम पवेलियन एवं प्रदर्शनी में देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की लोककला, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन किया गया।
इस राष्ट्रीय आयोजन में बस्तर के कलाकारों की प्रस्तुति ने क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के साथ-साथ यहां हो रहे सकारात्मक बदलावों को भी देश के सामने रखने का अवसर प्रदान किया।