’कोंडागांव : जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक में दिखा खिलाड़ियों का दमखम…

रस्साकशी से हुई खेलों की शुरुआत, बड़ेराजपुर की महिला टीम ने हासिल किया प्रथम स्थान

’ बड़े कनेरा रोड स्थित तीरंदाजी प्रशिक्षण मैदान में मंगलवार को जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले के पांचों विकासखंडों से करीब 1340 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी संभागीय स्तर की प्रतियोगिता में कोंडागांव जिले का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

बस्तर ओलंपिक की शुरुआत रस्साकशी खेल से हुई। सीनियर महिला वर्ग में बड़ेराजपुर और कोंडागांव की टीम के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें बड़ेराजपुर की महिला खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला और मैदान पर खेल भावना के साथ प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री नरपति पटेल ने कहा कि लगातार तीसरे वर्ष बस्तर ओलंपिक का आयोजन होना खुशी और गौरव की बात है। प्रधानमंत्री के संकल्प तथा केंद्रीय गृह मंत्री और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप सुदूर अंचलों के युवा खेलों के माध्यम से अपनी प्रतिभा और क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बस्तर अब अपनी अपार संभावनाओं के साथ खेल के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहा है।

उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में हार अंत नहीं होती, बल्कि यह नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं को सकारात्मक दिशा से जोड़ने, उनकी प्रतिभा को मंच देने और विकास की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने युवाओं से हिंसा का रास्ता छोड़कर विकास की मुख्यधारा से जुड़ने और प्रदेश के विकास में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।

नगर पालिका उपाध्यक्ष श्री जसकेतु उसेंडी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खिलाड़ियों को मैदान और कलाकारों को मंच चाहिए। बस्तर ओलंपिक दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच उपलब्ध करा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को पूरा करने में युवा महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। युवाओं को अपनी प्रतिभा को सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

राज्य तीरंदाजी संघ के उपाध्यक्ष श्री दीपेश अरोरा ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह की मंशा के अनुरूप बस्तर के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों से सुदूर क्षेत्रों के बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का उचित मंच मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कोंडागांव जिले के कई खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए बस्तर ओलंपिक का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

दूस्थ क्षेत्रों के युवाओं को अवसर देने मुख्यमंत्री का विजन
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार बस्तर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के युवाओं को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को उचित मंच उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। बस्तर ओलंपिक इसी सोच को धरातल पर उतारने वाली महत्वपूर्ण पहल है। खेल के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, प्रतिस्पर्धा और नेतृत्व क्षमता विकसित होने के साथ उन्हें राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है।

बस्तर ओलंपिक में कोंडागांव जिले के पांचों विकासखंडों के खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगे संभागीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा। इस आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में उत्साह का माहौल है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, श्री कुलवंत सिंह चहल, श्री नागेश देवांगन, श्री अविनाश सोरी, श्री शीतल पटेल, खेल अधिकारी सुश्री सुधा कुमार सहित जिला स्तरीय अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *