ईरान ने अमेरिका से बदला लेने के लिए पूरी तैयारी कर ली है। यह दावा किया जा रहा है कि ईरान, अमेरिका के टॉप अधिकारियों को मारने के लिए केमिकल हथियार का इस्तेमाल करने की योजना बना रहा है। ईरान ने इस हथियार को ‘डर्टी बम’ कहा है। हालांकि ‘डर्टी बम’ की खबरों को तेहरान ने सिरे से खारिज किया है।
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इस खुफिया जानकारी से वाकिफ सात अमेरिकी अधिकारियों ने बताया है कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को साबुत मिले हैं कि ईरान वाशिंगटन, DC में ट्रंप प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाने की योजना बना रहा है। इसके लिए ईरान रेडियोएक्टिव ‘डर्टी बम’ या रासायनिक हथियारों का इस्तेमाल कर सकता है।
ईरान के निशाने पर US के टॉप कमांडर
खुफिया जानकारी में अमेरिकी राजधानी में कुछ संभावित जगहों और लक्ष्यों का जिक्र है, जिसके बाद अमेरिकी अधिकारियों ने अपनी सुरक्षा को और दुरुस्त कर लिया है।
हालांकि, अधिकारियों ने CNN को बताया कि इन तैयारियों का मतलब यह नहीं है कि कोई हमला तुरंत होने वाला है या ईरान ने वास्तव में ऐसी किसी साजिश को अंजाम देने का फैसला कर लिया है।
व्हाइट हाउस ने कहा कि प्रशासन संभावित खतरों पर नजर रख रहा है, लेकिन साथ ही यह भी साफ किया कि अमेरिका पर अभी तुरंत कोई खतरा नहीं है।
ईरान युद्ध को आगे खींचना चाहता है: US
अमेरिकी अधिकारियों का मानना है कि यह खुफिया जानकारी इस बात का इशारा हो सकती है कि ईरान युद्ध को मध्य पूर्व से आगे बढ़ाने पर विचार कर रहा है, क्योंकि उसे अमेरिकी सैन्य दबाव और आर्थिक नाकेबंदी का सामना करना पड़ रहा है।
दो अधिकारियों ने संभावित खतरे से निपटने के लिए बताया कि पिछले एक हफ्ते में कई बैठकें हुई हैं। यह खुफिया जानकारी ऐसे समय में सामने आई है जब अमेरिका और ईरान के बीच चल रहे टकराव को खत्म करने के लिए राजनयिक प्रयास रुके हुए हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने पिछले हफ्ते कहा था कि यह युद्ध काफी जल्दी खत्म हो जाएगा, जबकि होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव अभी भी बना हुआ है।
अमेरिकी खुफिया विभाग का क्या कहना है?
खुफिया मामलों की जानकारी रखने वाले सूत्रों के हवाले से CNN ने बताया कि अमेरिकी अधिकारी इस बात को लेकर चिंतित हैं कि तेहरान अमेरिकी क्षेत्र के अंदर हमले करने पर विचार कर सकता है।
हालांकि, अधिकारियों के बीच इस बात को लेकर मतभेद है कि क्या ईरान के पास ऐसा ऑपरेशन चलाने के लिए जरूरी लोग और क्षमता है या नहीं।
वहीं कुछ अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा अधिकारियों का मानना है कि हमले में इस्तेमाल किए जा सकने वाले रेडियोधर्मी पदार्थ या रासायनिक एजेंट पहले ही देश के अंदर पहुंचाए जा चुके हो सकते हैं। पिछले दस सालों से हमारी सीमा काफी असुरक्षित रही है, इसलिए किसी व्यक्ति का देश के अंदर आना बहुत आसान रहा होगा, जो बम के पुर्जे हासिल करके उन्हें कहीं फिट कर सकता है।
हमला करने की ईरान की क्षमता भले ही न बढ़ी हो, लेकिन इसके पीछे के उनके इरादे या सोच में बदलाव आ सकता है। ये चिंताएं ऐसे समय में सामने आई हैं जब पहले भी ईरान द्वारा मौजूदा और पूर्व अमेरिकी अधिकारियों के खिलाफ साजिश रचने की खबरें आती रही हैं।
‘डर्टी बम’ क्या है?
डर्टी बम एक पारंपरिक विस्फोटक है, जिसे किसी इलाके में रेडियोएक्टिव पदार्थ फैलाने के लिए डिजाइन किया जाता है। परमाणु हथियार से अलग, यह परमाणु विखंडन (न्यूक्लियर फिशन) रिएक्शन पर निर्भर नहीं होता और न ही इससे कोई परमाणु विस्फोट होता है।
हालांकि एक डर्टी बम परमाणु हथियार की तुलना में काफी कम विनाशकारी होता है, लेकिन यह रेडियोएक्टिव पदार्थ फैलाकर आस-पास के इलाकों को दूषित कर सकता है, जिससे गंभीर बिमारी हो सकती है।
ये धमकियां ऐसे समय में सामने आई हैं जब अमेरिका और ईरान के बीच ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को लेकर टकराव चल रहा है। इस तनाव को खत्म करने और अमेरिकी नाकेबंदी को हटाने के लिए की जा रही राजनयिक कोशिशों से अब तक कोई ठोस नतीजा नहीं निकला है।
हालांकि, क्षेत्र के सूत्रों का मानना है कि दोनों पक्ष किसी समझौते पर पहुंचने के इच्छुक हैं, लेकिन अभी तक कोई भी पक्ष बड़ी रियायतें देने के लिए तैयार नहीं दिख रहा है।