पन्नू हत्या साजिश: अमेरिकी सरकार ने निखिल गुप्ता को 24 साल कैद की सजा देने की मांग की, 20 नवंबर को आएगा फैसला…

 अमेरिकी धरती पर सिख अलगाववादी नेता गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश रचने के मामले में भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अमेरिकी सरकार ने इस हाई-प्रोफाइल मामले में 55 वर्षीय निखिल गुप्ता के लिए 24 साल की कड़ी सजा की मांग की है।

इस सनसनीखेज मामले में 20 नवंबर को अदालत अपना फैसला सुनाएगी।

मैनहट्टन स्थित संघीय अदालत में दाखिल 20 पन्नों की अपनी दलील में अमेरिकी अटार्नी जेम्स मैकडॉनल्ड ने निखिल गुप्ता के कृत्यों को बेहद क्रूर करार दिया है। अभियोजन पक्ष का कहना है कि गुप्ता अमेरिकी जमीन पर एक अमेरिकी नागरिक को खत्म करने की विदेशी साजिश का एक अहम मोहरा था।

सरकार का तर्क है कि अदालत को एक ऐसा कड़ा संदेश देना चाहिए जिससे यह स्पष्ट हो सके कि अमेरिकी धरती पर आवाजों को हिंसा के बल पर दबाने की कोशिशों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, गुप्ता और उसके सहयोगियों – जिसमें भारत सरकार का एक कर्मचारी विकास यादव भी शामिल है – ने केवल वैचारिक मतभेदों के चलते इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने का षड्यंत्र रचा था।

दूसरी ओर, निखिल गुप्ता के वकीलों ने अदालत से नरमी बरतने की गुहार लगाई है। बचाव पक्ष ने सजा में महत्वपूर्ण राहत देते हुए 12 साल की कैद और उसके बाद तीन साल की निगरानी का अनुरोध किया है।

क्या है पूरा मामला?

अभियोग के अनुसार, वर्ष 2023 के दौरान निखिल गुप्ता ने भारत और अन्य जगहों पर मौजूद लोगों के साथ मिलकर न्यूयार्क में पन्नू की हत्या की साजिश रची थी। आरोप है कि गुप्ता ने विकास यादव के निर्देश पर एक गुप्त अमेरिकी सूत्र (जो ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन का मुखबिर था) से संपर्क किया और हत्या के लिए एक लाख डॉलर में सौदा तय किया था।

इस साजिश के तहत जून 2023 में एडवांस के तौर पर 15 हजार डॉलर नकद भी सौंपे गए थे। इस वर्ष के शुरुआत में गुप्ता ने हत्या की साजिश रचने, उसमें शामिल होने और मनी लांड्रिंग के आरोपों में अपना गुनाह कबूल कर लिया था। अब सभी की निगाहें 20 नवंबर को आने वाले अदालत के फैसले पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *