रूसी राष्ट्रपति के कार्यालय क्रेमलिन ने कहा है कि निकट भविष्य में यूक्रेन और अमेरिका के साथ शांति वार्ता पुन: शुरू हो सकती है।
चूंकि ऐसी ही संभावना यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की भी रविवार को जता चुके हैं इसलिए आसार हैं कि जल्द ही रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के लिए शांति वार्ता का कार्यक्रम घोषित हो सकता है।
शांति स्थापित करने के सिलसिले में अमेरिकी दूतों के दौरे के चलते कीव और मास्को पर शुक्रवार-शनिवार रात से हमले रुके हुए हैं। लेकिन रूस के पर्न क्षेत्र में यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक व्यक्ति की मौत हुई है और चार लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन का यह हमला एक आवासीय भवन पर हुआ है।
यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की ने दावा किया है कि उनकी सेना ने रूस के दो तेलशोधक संयंत्रों और ड्रोन के गोदाम व उसे छोड़ने के ठिकाने पर हमले में उन्हें नुकसान पहुंचाया है। जिस तेलशोधक संयंत्र पर हमला हुआ है वह तातारस्तान प्रांत के पर्न क्षेत्र में स्थित है।
एक अन्य रूसी तेलशोधक कारखाना रियाजान इलाके में यूक्रेन का निशाना बना है। यूक्रेन में शांति स्थापित करने की कोशिश के बीच अमेरिका के नार्वे को आधुनिक मिसाइल लांचर सिस्टम भेजने पर रूस ने कड़ा विरोध जताया है। कहा है कि इस लांचर से टामहाक क्रूज मिसाइल छोड़े जा सकेंगे जिनकी मार मास्को तक हो सकती है।