ईरानी संसद स्पीकर की अमेरिका को चेतावनी, बोले- अमेरिकी हमलों का जवाब पहले से कहीं ज्यादा दर्दनाक होगा…

ईरान के तेल टैंकरों पर अमेरिकी हमले के एक दिन बाद ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गलीबाफ ने कहा कि ईरान के राष्ट्रीय हितों के खिलाफ किसी भी हमले का जवाब और अधिक दर्दनाक होगा।

गलीबाफ ने रविवार को अपने टेलीग्राम चैनल पर जारी भाषण में कहा, अमेरिका को बहुत देर होने से पहले यह समझ लेना चाहिए कि ईरान के ख़िलाफ युद्ध के नियम बदल गए हैं। अब बराबर का जवाब नहीं दिया जाएगा, बल्कि ईरान के हितों और सुरक्षा पर किसी भी हमले का जवाब अधिक तीव्र गति से, ज़्यादा ज़ोरदार और ज़्यादा दर्दनाक तरीके से दिया जाएगा।

गलीबाफ ने कहा कि सैन्य मोर्चे के अलावा ईरान की मुख्य लड़ाई अब उत्पादन और लोगों की आजीविका को लेकर है।यूएस सेंट्रल कमांड ने शनिवार को कहा था कि अमेरिकी नौसेना के दो युद्धपोतों पर ईरान द्वारा बैलिस्टिक मिसाइलें दागने के बाद अमेरिकी सेना ने तीन ईरानी तेल टैंकरों को शनिवार को निशाना बनाया।

एक टैंकर पर खार्ग द्वीप के पास और दूसरे पर जास्क के पास हमला हुआ। एक खाली टैंकर पर ओमान की खाड़ी में हमला किया गया। हमलों का वीडियो फुटेज भी जारी किया।

इसके जवाब में ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कार्प्स ने दावा किया कि उसने अमेरिका के एक एयरक्राफ्ट कैरियर और एक डिस्ट्रायर पर कई बैलिस्टिक मिसाइलें दागीं। ईरान ने कहा कि ये दोनों युद्धपोत ईरान के खिलाफ नौसैनिक घेराबंदी में शामिल थे। दोनों युद्धपोतों को संघर्ष वाले इलाके से हटने के लिए मजबूर होना पड़ा।

वहीं सरकारी मीडिया की रविवार की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के आर्थिक मामलों के मंत्री अली मदनीज़ादेह ने कहा कि तेहरान अमेरिकी आर्थिक दबाव का जवाब सुधारों के जरिए देने की योजना बना रहा है।

तस्नीम समाचार एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने युद्ध से जुड़ी आर्थिक समस्याओं से निपटने के लिए ‘इकोनमिक वार हेडक्वार्टर’ बनाया है।

रविवार को सरकारी टीवी पर दिखाए गए इंटरव्यू में, ईरान के तेल मंत्री मोहसेन पाकनेजाद ने कहा कि पिछले कुछ महीनों में ईरान के खार्ग द्वीप पर लगभग 550 बार हमले हुए हैं।

इस बीच एपी के अनुसार ईरान ने रविवार को कहा कि उसने होर्मुज़ जलडमरूमध्य में घुसने की कोशिश कर रहे अमेरिका के एक बिना चालक वाले जहाज पर हमला किया; अमेरिकी सेना ने इस दावे को सरासर झूठ बताकर खारिज कर दिया।

वहीं ईरान- अमेरिका संघर्ष बढ़ने से होर्मुज जलडमरूमध्य में अवरोध के कारण तेल की कीमतें बढ़ने की आशंकाओं के मद्देनजर रविवार को अमेरिकी ऊर्जा मंत्री क्रिस राइट ने कहा कि इस होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट) से औसतन हर दिन नौ मिलियन बैरल तेल गुजर रहा है, जिससे ऊर्जा की कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिलनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *