महिला के कपड़े उतारकर की मारपीट, वीडियो भी बनाया… बेंगलुरु में उधार न चुकाने पर हैवानियत, 4 आरोपी गिरफ्तार…

बेंगलुरु से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला उधार लिए पैसे नहीं चुका पाई तो उसके कपड़े उतार गए और मारपीट भी की गई।

इस मामले में आरोपियों ने महिला का वीडियो भी बनाया और वीडियो को सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में दो महिलाओं समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पैसे वापस नहीं दिए तो की बदसलूकी

आरोपियों की पहचान नसरत, रेशमा, सुहेल और सैफ के तौर पर हुई है। बताया गया है कि पीड़िता ने दो साल पहले रेशमा से 1 लाख रुपये उधार लिए थे और पिछले छह महीनों से ब्याज नहीं चुका पा रही थी।

पीड़िता ने नसरत से भी 50,000 रुपये उधार लिए थे, जिसे वह रेशमा के जरिए जानती थी और वह हर हफ्ते 5,000 रुपये चुका रही थी, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण करीब चार हफ्तों तक पेमेंट नहीं कर पाई।

महिला ने बताया कि बाद में उसने रेशमा का नंबर ब्लॉक कर दिया था और परेशान किए जाने के डर से दूसरी जगह चली गई।

नौकरी देने के बहाने बुलाकर की मारपीट

नसरत ने महिला को फोन मिलाया। साथ ही नौकरी और पैसे देने के बहाने से उसे अपने घर बुलाया। जब महिला नसरत के घर गई, तो सुहेल ने उसके साथ बदसलूकी और मारपीट की।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसे जबरदस्ती एक ऑटो-रिक्शा में बैठाया गया। रेशमा और नसरत उसके बगल में बैठी थीं, जबकि सुहेल और दो अन्य लोग भी उनके साथ थे। वे महिला को बेंगलुरु के बाहरी इलाके कुम्बलगोडु के पास एक घर में ले गए और उसे वहां बंधक बना लिया।

पीड़िता की मां ने उसके लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता का पता लगाकर उसे सुरक्षित बचाया और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में आगे की जांच चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *