मिनेसोटा में नर्स और दो बेटों की घर में लाश, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस…

अमेरिका के मिनेसोटा राज्य के इन्वर ग्रोव हाइट्स इलाके से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक टाउनहाउस से 43 वर्षीय महिला नर्स और उसके दो युवा बेटों के शव बरामद हुए हैं।

मृतकों की पहचान 43 वर्षीय जेमी ली चार्ल्स, उनके 22 वर्षीय बड़े बेटे जेमिसन सैमुअल शॉ और 19 वर्षीय छोटे बेटे विलियम सैमुअल शॉ जूनियर के रूप में की गई है।

इन्वर ग्रोव हाइट्स की पुलिस प्रमुख मेलिसा चियोडो के अनुसार, शुरुआती जांच और निष्कर्षों के आधार पर पुलिस इसे ‘डबल मर्डर और सुसाइड’ (दोहरी हत्या और आत्महत्या) का मामला मानकर चल रही है।

जांचकर्ताओं ने जेमी के 22 वर्षीय बड़े बेटे जेमिसन को इस वारदात का मुख्य संदिग्ध माना है और पुलिस का कहना है कि यह पूरी घटना केवल इस घर के भीतर ही घटित हुई थी।

हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि तीनों की मौत कैसे हुई और इस खूनी खेल के पीछे का मुख्य मकसद क्या था।

मृतक जेमी ली चार्ल्स पिछले नौ वर्षों से मिनियापोलिस वीए हेल्थ केयर सिस्टम में एक समर्पित नर्स के रूप में काम कर रही थीं। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय थीं और अक्सर अपने दोनों बेटों की तस्वीरें साझा कर उन पर गर्व जताया करती थीं।

छोटा बेटा विलियम पिछले साल ही हाई स्कूल पास कर बास्केटबॉल खेलता था।

अपनी मौत से कुछ ही दिन पहले, 16 अगस्त को जेमी ने एक फेसबुक पोस्ट में साझा किया था कि कैसे एक साल पहले वह अस्पताल में मौत के मुंह में थीं और उन्होंने गंभीर स्वास्थ्य संकट से उबरने में मदद के लिए अपने दोस्तों और परिवार का आभार जताया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *