बंगाल के स्कूल की पानी की टंकी में मिला मरा पक्षी, दूषित पानी से बन रहा था मिड-डे मील…

दक्षिण 24 परगना के कैनिंग में स्कूल की पानी की टंकी में मरा हुआ पक्षी मिलने के बाद हड़कंप मच गया।

आरोप है कि इसी टंकी के दुर्गंधयुक्त पानी से रोजाना बच्चों के लिए मिड-डे मील तैयार किया जा रहा था।

मामला सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में विरोध-प्रदर्शन किया। घटना के बाद बच्चों ने मिड-डे मील खाना बंद कर दिया है।

मामला कैनिंग सर्किल के गालाडहारा कुसुममणि एफपी स्कूल का है। ग्रामीणों के अनुसार, स्कूल के पानी से काफी समय से दुर्गंध आ रही थी। छत पर जाकर पानी की टंकी की जांच करने पर पता चला कि टंकी का ढक्कन ही नहीं था। अंदर झांकने पर पानी में मरा हुआ पक्षी तैरता मिला।

अभिभावकों का आरोप है कि पक्षी एक-दो दिन से नहीं, बल्कि काफी समय से टंकी में पड़ा था और सड़ने के कारण पानी में कीड़े भी पड़ गए थे। इसी पानी का इस्तेमाल बच्चे पीने के लिए करते थे और इसी से मिड-डे मील भी तैयार किया जा रहा था।

स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप

घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों और अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर विरोध जताया। उनका सवाल है कि टंकी में इतने दिनों से मरा पक्षी पड़ा रहा, लेकिन स्कूल प्रबंधन की नजर उस पर क्यों नहीं पड़ी। बच्चों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी कौन लेगा, इसे लेकर भी अभिभावकों ने नाराजगी जताई।

एक अभिभावक ने आरोप लगाया कि स्कूल में तीन शिक्षक हैं, जिनमें एक पैरा शिक्षक हैं। प्रधान शिक्षक गोविंद मंडल लंबे समय से अस्वस्थ होने के कारण स्कूल नहीं आते। उनकी पत्नी काकुली कविराज मंडल, जो उसी स्कूल में पैरा शिक्षक हैं, स्कूल की अधिकांश व्यवस्थाएं देखती हैं।

घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रधान शिक्षक और उनकी पत्नी ने मामले की बात स्वीकार की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *