बेमेतरा में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ
पहली बार जिले को मिली भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी, चार संभागों के 160 खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिले में पहली बार आयोजित 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता-2026 का सोमवार को पंडित जवाहरलाल नेहरू कला एवं विज्ञान महाविद्यालय परिसर में विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता के अंतर्गत 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं की भारोत्तोलन स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद विजय बघेल रहे।
सांसद विजय बघेल ने खेल ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न संभागों से पहुंचे खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान सांसद एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने पॉवर लिफ्टिंग में हाथ आजमाकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
खेल जीवन में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण सिखाता है
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय बघेल ने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का प्रदर्शन नहीं, बल्कि जीवन में अनुशासन, ईमानदारी और लक्ष्य के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का माध्यम है।
शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिताएं ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का अवसर प्रदान करती हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना और ईमानदारी के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। सांसद ने कहा कि खेल में हार से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर अपनी कमियों को दूर करना चाहिए।
उत्साह, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ निरंतर प्रयास करने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
चार संभागों के 160 खिलाड़ी दिखा रहे प्रतिभा
बेमेतरा जिले को पहली बार राज्य स्तरीय शालेय भारोत्तोलन प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। प्रतियोगिता में सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के करीब 160 बालक एवं बालिका खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
31 अगस्त से 3 सितंबर तक चलने वाली प्रतियोगिता में 17 एवं 19 वर्ष आयु वर्ग के खिलाड़ी भारोत्तोलन में अपनी ताकत, तकनीक और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
उद्घाटन समारोह के दौरान सिंघोरी विद्यालय की छात्राओं ने आकर्षक स्थानीय रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक रंग और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में मौजूद अतिथियों, खिलाड़ियों एवं दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती हेमा जय दिवाकर, तेलघानी विकास बोर्ड अध्यक्ष जितेंद्र साहू, छत्तीसगढ़ राज्य गौ-सेवा आयोग के उपाध्यक्ष स्वामी राजीव लोचन दास, छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद रजक, कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं, पुलिस अधीक्षक त्रिलोक बंसल, जिला पंचायत सीईओ प्रेमलता पद्माकर, अपर कलेक्टर प्रकाश भारद्वाज सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ी एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए आवास, भोजन, खेल मैदान, चिकित्सा सुविधा सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।