भय के साए में कीव, दिन-रात गूंज रहे सायरन; लगातार पांचवें दिन रूस का हमला जारी…

रूस के जेट इंजन चालित ड्रोन हमलों के झुंड यूक्रेन की राजधानी कीव को भयभीत किए हुए हैं।

सोमवार को लगातार पांचवें दिन रूसी ड्रोनों ने कीव पर हमले कर उसकी आर्थिक ताकत और नागरिक सुविधाओं को बर्बाद करने की कोशिश की।

इन दिन-रात के हमलों और खतरे की चेतावनी देने वाले सायरनों की आवाज से कीव का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, लोग दिन में भी घरों और सुरक्षित स्थानों से बाहर निकलने से बच रहे हैं। इससे शहर की सामान्य गतिविधियों के ठप होने का खतरा पैदा हो गया है।

सोमवार सुबह एक कंपनी के गोदाम और आवासीय भवन पर हुए हमलों में चार लोग घायल हुए हैं। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा है कि लगातार ड्रोन हमले यूक्रेनी लोगों को परेशान कर रहे हैं। रूस ने बीते चार दिनों में यूक्रेन पर करीब 1,500 ड्रोन हमले किए हैं, इनमें से आधे से ज्यादा जेट इंजन चालित थे जिन्हें रोकना बहुत मुश्किल था।

सोमवार को ओडेसा बंदरगाह पर रूसी ड्रोन हमले से एक निर्यात ठिकाने में आग लग गई है। जबकि क्रिवीरीह में ड्रोन हमले में एक औद्योगिक इकाई में आग लग गई है और दो लोग घायल हुए हैं। पिछले हफ्ते में रूस और यूक्रेन ने अपने हमलों में बड़ी संख्या में एक-दूसरे के आर्थिक ठिकानों और जन सुविधाओं को निशाना बनाया है।

सोमवार रूस का व्यापार केंद्र येकतेरिनबर्ग यूक्रेन के ड्रोन हमले के निशाने पर आया। इस हमले से रूस को बड़ा नुकसान होने की सूचना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *