पीएम मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान, बीजेपी ने बताया भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव की बड़ी पहचान…

भाजपा ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उज्बेकिस्तान का सर्वोच्च राजकीय सम्मान दिए जाने को हर भारतीय के लिए गर्व का क्षण बताया और कहा कि यह उनके नेतृत्व और भारत के प्रभाव की बढ़ती वैश्विक मान्यता का प्रतीक है।

प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा- हर भारतीय के लिए यह गर्व का क्षण है। पीएम मोदी की कूटनीति नई सीमाएं पार कर रही है, ‘ग्लोबल साउथ’ की आवाज को मजबूत कर रही है और राष्ट्रों के बीच संबंध मजबूत कर मानवता की भलाई के हमारे सभ्यतागत लक्ष्य को आगे बढ़ा रही है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यह प्रतिष्ठित सम्मान पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और भारत-उज्बेकिस्तान के बीच स्थायी मित्रता को और प्रगाढ़ करने की उनकी लगातार कोशिशों का प्रमाण है। यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा, बढ़ते प्रभाव और दुनिया भर में बनाई जा रही मजबूत साझेदारियों की गौरवशाली मान्यता है।

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा कि मुझे विश्वास है कि यह सम्मान और ऐतिहासिक यात्रा हमारे संबंधों को नई गति प्रदान करेगी। भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी नेतृत्व को मिल रही बढ़ती वैश्विक मान्यता और भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा कि यह हर भारतीय के लिए गर्व का पल है और वैश्विक मंच पर ‘नए भारत’ की बढ़ती प्रतिष्ठा का एक और उदाहरण है। भारत की वैश्विक साझेदारियों को मजबूत करने में प्रधानमंत्री जी को और सफलता मिले, इसकी कामना करता हूं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *