भिलाई। आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भाजपा जिला कार्यालय प्रियदर्शिनी परिसर, सुपेला भिलाई में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने चुनावी तैयारियों, संगठन को मजबूत करने तथा आगामी चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक का शुभारंभ भारत माता तथा भाजपा के प्रेरणास्रोत पंडित दीनदयाल उपाध्याय और डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। बैठक में सांसद विजय बघेल, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी, प्रभारी लक्ष्मी वर्मा, सहप्रभारी चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, भिलाई जिला प्रभारी रामजी भारती, कवर्धा प्रभारी महेश वर्मा और भाजपा जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम देवांगन सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
15 सितंबर तक संगठनात्मक कार्य पूरा करने के निर्देश
बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं प्रभारी भूपेंद्र सवन्नी ने संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा की और पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि संगठन से जुड़े सभी आवश्यक कार्य 15 सितंबर तक पूर्ण किए जाएं।
उन्होंने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को अभी से पूरी गंभीरता और सक्रियता के साथ जुटना होगा। बूथ स्तर से लेकर मंडल और जिला स्तर तक संगठन को मजबूत करते हुए चुनाव की ठोस रणनीति तैयार करने पर उन्होंने विशेष जोर दिया।
पांच नगरीय निकायों में चुनाव, एकजुट होकर मैदान में उतरने का आह्वान
सांसद विजय बघेल ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव पार्टी के लिए महत्वपूर्ण जिम्मेदारी और बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता एक परिवार की तरह मिलकर चुनावी रणनीति तैयार करें और पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरें।
उन्होंने बताया कि उनके लोकसभा क्षेत्र में पांच स्थानों पर नगरीय निकाय चुनाव होने हैं। इन सभी स्थानों पर भाजपा कार्यकर्ताओं को आपसी समन्वय और सामूहिक प्रयासों के साथ पार्टी के पक्ष में वातावरण तैयार करना होगा।
सांसद बघेल ने कार्यकर्ताओं के पूर्व अनुभवों और संगठनात्मक प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने पिछले चुनावों में भी अपनी मेहनत और नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि संगठन के वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन लगातार मिलता रहा है और सामूहिक प्रयासों से पार्टी ने बेहतर परिणाम हासिल किए हैं।
महापौर चुनाव को बताया महत्वपूर्ण
विजय बघेल ने कहा कि आगामी नगरीय निकाय चुनाव केवल चुनाव तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सरकार की प्रतिष्ठा से भी जुड़ा विषय है। ऐसे में प्रत्येक कार्यकर्ता को पूरी ताकत और जिम्मेदारी के साथ चुनावी मैदान में उतरना होगा। उन्होंने विशेष रूप से महापौर चुनाव को महत्वपूर्ण बताते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।
सरकार की उपलब्धियां लेकर जनता के बीच जाएंगे कार्यकर्ता
सांसद बघेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए विकास और जनकल्याण से जुड़े अनेक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ पिछले 25 वर्षों में हुए विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएंगे।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने तथा जनता से सीधा संवाद स्थापित करने का आह्वान किया।
बैठक में नगरीय निकायवार चुनावी तैयारियों, संगठन की आगामी रणनीति, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों तथा चुनावी अभियान को प्रभावी बनाने सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय, अनुशासन और एकजुटता के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
बैठक में मनीष अग्रवाल, सुषमा जेठानी, बृजेश बिचपुरिया, रविशंकर सिंह, शिरीष अग्रवाल, निहारिका मिश्रा, दिव्या भसीन, वीरेंद्र साहू, निर्मला यादव, तुलसी साहू, भोजराज सिन्हा, बिजेंद्र सिंह, श्याम सुंदर राव, पूनम शुक्ला, चिन्ना केशवलु, गोपाल कृष्ण वर्मा, त्रिलोचन सिंह, विजय जायसवाल, विनोद सिंह, रश्मि सिंह, पारस जंघेल, भारती साहू, हेमंत देवांगन, योगेंद्र सिंह, तिलक यादव, सचिन ताम्रकार, मदन सेन, राजेंद्र सिंह, रवि कश्यप, जाकिर हुसैन, बॉबी चौहान, सुभाष शर्मा, दिनेश देवांगन, नरेश यादव, अब्दुल नासिर भाई सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।