सुकमा : जिला चिकित्सालय का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण…

मरीजों और परिजनों से किया आत्मीय संवाद

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने शनिवार को जिला चिकित्सालय सुकमा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने ओपीडी, आयुष्मान कार्ड केंद्र, औषधि वितरण केंद्र, प्रयोगशाला, एक्स-रे कक्ष एवं मातृ-शिशु वार्ड का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ. एम.आर. कश्यप सहित अस्पताल का चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्य अमला उपस्थित रहा। कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक सुधार के संबंध में अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।

   निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने प्रतिदिन की ओपीडी में आने वाले मरीजों की संख्या तथा उन्हें उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने आयुष्मान कार्ड केंद्र का निरीक्षण कर हितग्राहियों के कार्ड बनाने की प्रक्रिया की जानकारी ली और पात्र सभी हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड समय पर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक सहज और समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए।
   कलेक्टर श्री अमित कुमार ने प्रयोगशाला कक्ष में मरीजों एवं हितग्राहियों से सीधे संवाद कर जांच सुविधाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कर्मचारियों से विभिन्न जांचों की रिपोर्ट तैयार होने में लगने वाले समय की जानकारी लेते हुए रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने एक्स-रे कक्ष का निरीक्षण किया और मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक हितग्राही को एक्स-रे की फिल्म उपलब्ध कराई जाए, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

   निरीक्षण के अंतिम चरण में कलेक्टर मातृ-शिशु वार्ड पहुंचे, जहां उन्होंने भर्ती बच्चों का हालचाल जाना और उनके परिजनों से आत्मीय संवाद कर स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को मरीज-केंद्रित बनाने पर जोर देते हुए कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर उपचार, आवश्यक जांच और मूलभूत सुविधाएं समय पर मिलनी चाहिए। कलेक्टर ने अस्पताल प्रबंधन को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त करने और स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *