अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में लराक द्वीप पर ईरान के दो लॉन्च सिस्टम पर हमला कर दिया। समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने एक अमेरिकी अधिकारी के हवाले से बताया कि जुलाई के आखिर के बाद ईरान क्षेत्र पर यह अमेरिका का पहला ज्ञात हमला है।
रॉयटर्स के अनुसार, अमेरिकी अधिकारी ने कहा कि मैं पुष्टि कर सकता हूं कि आज अमेरिकी सेना ने लराक द्वीप पर ईरान के दो लॉन्चरों पर हमला किया। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) की सेना को होर्मुज जलडमरूमध्य में समुद्री बारूदी सुरंगों वाले रॉकेट लॉन्च करने की तैयारी करते देखा गया था।
लराक द्वीप, होर्मुज द्वीप के दक्षिण और केशम द्वीप के पूर्व में स्थित है। तेहरान से, लराक ईरानी राजधानी के दक्षिण पू्र्व की ओर लगभग 1100 किलोमीटर दूर है।
अमेरिका ने ईरान पर किया हमला
अधिकारी के अनुसार, यह हमला रविवार को तब हुआ जब अमेरिकी सेना ने कथित रूप से IRGC के सदस्यों को रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग में समुद्री बारूदी सुरंगों वाले रॉकेट दागने वाले लॉन्चर तैयार करते हुए देखा।
IRGC ने की हमले की पुष्टि
जवाब में IRGC ने पुष्टि की है कि द्वीप पर हमला हुआ था और कहा कि कई सैन्यकर्मी और नागरिक मारे या घायल हुए है। ईरान के सरकारी मीडिया ने गार्ड्स के हवाले से चेतावनी दी है कि हमले का जवाब और सजा दी जाएगी।
अमेरिका और इजरायल ने 28 फरवरी को ईरान पर संयुक्त हमले शुरू किए थे। ईरान ने जवाब में इजरायल और उन खाड़ी देशों पर हमले किए जहां अमेरिकी सैन्य ठिकाने मौजूद हैं।